मंथन: हार्ट फेलियर के इलाज में नई तकनीकों पर मंथन, सीएसआई विदर्भ चैप्टर और डीएआई की संयुक्त सीएमई

हार्ट फेलियर के इलाज में नई तकनीकों पर मंथन, सीएसआई विदर्भ चैप्टर और डीएआई की संयुक्त सीएमई
  • विशेषज्ञों ने साझा किए आधुनिक उपचार के अनुभव
  • कार्डियोमेटाबोलिक रोगों के प्रबंधन से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा
  • हार्ट फेलियर विद रिड्यूस्ड इजेक्शन फ्रैक्शन

Nagpur News. कार्डियोलाॅजी सोसियटी ऑफ इंडिया के विदर्भ चैप्टर ने डायबिटीक एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सहयोग से ‘हार्ट फेलियर और काइरैलिटी सिम्पोजियम’ विषय पर सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के अनेक कार्डियोलॉजिस्ट, चिकित्सकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भाग लेकर हार्ट फेलियर के आधुनिक उपचार तथा कार्डियोमेटाबोलिक रोगों के प्रबंधन से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम की शुरुआत सीएसआई विदर्भ चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. निधीश मिश्रा के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कहा कि रोगियों के बेहतर उपचार और सकारात्मक परिणामों के लिए निरंतर अकादमिक संवाद तथा साक्ष्य-आधारित चिकित्सा पद्धतियों को अपनाना आवश्यक है। कार्यक्रम का संचालन मॉडरेटर डॉ. किरण बेलसरे ने किया।

इस दौरान डॉ. हितेंद्र भागवतकर ने ‘हार्ट फेलियर विद रिड्यूस्ड इजेक्शन फ्रैक्शन’ (एचएफआरईएफ) में बीटा ब्लॉकर्स की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने आधुनिक हृदय चिकित्सा में काइरैली-शुद्ध मेटोप्रोलोल की उपयोगिता और प्रभावशीलता की जानकारी भी दी। वहीं डॉ. नितिन देशपांडे ने हार्ट फेलियर प्रबंधन में सेमाग्लूटाइड की उभरती भूमिका और कार्डियोमेटाबोलिक रोगों के उपचार में उसकी बढ़ती प्रासंगिकता पर व्याख्यान दिया।

वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अज़ीज़ खान ने हार्ट फेलियर पर केस-आधारित चर्चा का संचालन किया, जिसमें उपस्थित चिकित्सकों ने अपने नैदानिक अनुभव साझा किए और विभिन्न उपचार पद्धतियों पर विचार-विमर्श किया। इसके बाद आयोजित पैनल चर्चा में डॉ. किरण बेलसरे, डॉ. नितिन देशपांडे, डॉ. हितेंद्र भागवतकर और डॉ. अज़ीज़ खान ने व्यावहारिक अनुभवों और विशेषज्ञ राय के माध्यम से विषय को और समृद्ध किया।

कार्यक्रम का समापन सीएसआई विदर्भ चैप्टर के मानद सचिव डॉ. विवेक मंदुरके के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। उपस्थित चिकित्सकों ने सीएमई के उच्च अकादमिक स्तर, व्यावहारिक उपयोगिता और संवादात्मक स्वरूप की सराहना की।

Created On :   15 May 2026 5:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story