- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- जान बचाने करीब ढाई सौ मीटर तक कार...
फिल्मी सीन की तरह अपराध: जान बचाने करीब ढाई सौ मीटर तक कार के बॉनट पर वाइपर पकड़ लटका रहा सिपाही, नाकाबंदी में चढ़ा दी कार

Nagpur News. नाकाबंदी के दौरान यातायात विभाग के एक पुलिस सिपाही पर किसी फिल्मी सीन की तरह कार चढ़ाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी चालक ने सिपाही को कुचलकर जान से मारने का प्रयास किया। फिल्मी दृश्य की तरह करीब 250 मीटर तक सिपाही कार के बोनट पर लटकता रहा। आखिरकार उसने छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।
भांडे प्लॉट चौक से गुरुदेव नगर चौक के बीच देर रात हुई इस घटना से पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। सक्करदरा थाने में कार चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
घायल पुलिस सिपाही हर्षद इंदल वासनिक (40) सक्करदरा यातायात विभाग में कार्यरत हैं। बुधवार रात करीब 11:15 बजे वह अपने सहयोगी कर्मचारी कृष्णा, होमगार्ड भारत श्यामकुंवर और वैभव के साथ भांडे प्लॉट चौक पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे।
इसी दौरान छोटा ताजबाग से भांडे प्लॉट चौक की ओर जा रही होंडा सिटी कार (एमएच-49-6212) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिसकर्मी के इशारे पर चालक ने पहले वाहन की रफ्तार धीमी की। सिपाही ने उसे कार सड़क किनारे लगाने के लिए कहा। उस समय हर्षद कार के सामने खड़े थे।
यह भी पढ़े -प्रारूप मतदाता सूची 5 अगस्त और अंतिम सूची 7 अक्टूबर को होगी जारी, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में एसआईआर कार्यक्रम की घोषणा
बताया गया कि चालक ने पहले वाहन थोड़ा पीछे लिया और फिर अचानक तेज रफ्तार से कार आगे बढ़ा दी। इससे सिपाही को कुचलने की कोशिश की गई। खतरा भांपते हुए हर्षद कार के बोनट पर चढ़ गए और दोनों हाथों से वाइपर पकड़ लिया। वह लगातार चालक से वाहन रोकने की अपील करते रहे, लेकिन आरोपी कार्रवाई के डर से तेज रफ्तार में भागता रहा।
करीब 250 मीटर तक कार सिपाही को घसीटते हुए गुरुदेव नगर की ओर ले गई। इस दौरान सहयोगी पुलिसकर्मी भी कार के पीछे-पीछे दौड़ते रहे और चालक को वाहन रोकने के लिए कहते रहे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी गई, लेकिन अन्य पुलिसकर्मियों के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गया।
रफ्तार धीमी होते ही लगाई छलांग
गुरुदेव नगर के पास कार की रफ्तार धीमी होते ही सिपाही ने छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। घायल अवस्था में होमगार्ड वैभव उन्हें अस्पताल लेकर गया। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सप्ताहभर में तीसरी घटना
यातायात विभाग के कर्मचारियों पर हमलों की यह सप्ताहभर में तीसरी घटना बताई जा रही है। इससे पहले शताब्दी चौक में यातायात विभाग की महिला कर्मी मालती पाल पर दोपहिया वाहन चालक ने हमला किया था। वहीं, वाड़ी क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान ट्रक चालक ने बैरिकेड्स उड़ा दिए थे, जिसमें विभाग का एक कर्मचारी घायल हुआ था। ताजा घटना के बाद यातायात पुलिस की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है
Created On :   14 May 2026 8:48 PM IST













