Nagpur News: गडकरी करेंगे बस से दौरा , बोले- मेरे काफिले में वाहनों की संख्या 50% कम करें

गडकरी करेंगे बस से दौरा , बोले- मेरे काफिले में वाहनों की संख्या 50% कम करें
प्रशासन से किया निवेदन

Nagpur News केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने अपने काफिले में वाहन संख्या कम करने का निवेदन प्रशासन से किया है। उन्होंने इस संबंध में राज्य के पुलिस महानिदेशक सहित अन्य अधिकारियों को पत्र लिखा है। गडकरी गुरुवार 14 मई व शुक्रवार 15 मई को पुणे क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। संत ज्ञानेश्वर महाराज और संत तुकाराम महाराज पालखी मार्ग परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे। इस सिलसिले में सातारा व साेलापुर जिले का भी दौरा करेंगे। इस दौरा कार्यक्रम की प्रति साझा करते हुए गडकरी ने लिखा है- माननीय प्रधानमंत्री जी की सलाह के अनुसार, राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा के हित में परिवहन उद्देश्यों के लिए ईंधन की खपत को कम करना अत्यंत आवश्यक है। अतः मैंने अपने साथ आए अधिकारियों, पत्रकारों और सुरक्षा कर्मियों के साथ बस से यात्रा करने का निर्णय लिया है, जिससे बेहतर यातायात प्रबंधन और जन-सुविधा भी सुनिश्चित हो सकेगी।

पेट्राेल-डीजल बचत का करते रहे हैं आह्वान : उपर्युक्त बातों को ध्यान में रखते हुए, यह अनुरोध है कि इस दौरे के दौरान काफिले में वाहनों की संख्या को सामान्य तैनाती के 50% तक सीमित कर दिया जाए। इसलिए, संबंधित अधिकारियों को उचित व्यवस्था करने हेतु आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया जाता है। पुणे के पुलिस आयुक्त, सातारा, सोलापुर के पुलिस अधीक्षक, जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। उल्लेखनीय है कि गडकरी पहले से ही इलेक्ट्रिक कार का इस्तेमाल करते हैं। पेट्राेल व डीजल की बचत के लिए इथेनाल का अधिक इस्तेमाल करने का आह्वान करते रहते हैं।

मेरे पास केवल एक वाहन : बावनकुले : राजस्वमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा है कि ईंधन बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का पालन सभी को करना चाहिए। मेरे पास केवल 2 वाहन हैं। उसमें भी एक वाहन कम किया जाएगा। सुरक्षा यंत्रणा आवश्यक निर्णय लेगी। आॅनलाइन संवाद पर अधिक जाेर दिया जाएगा। प्रशासन की बैठकें भी अधिक से अधिक ऑनलाइन लेने का प्रयास किया जाएगा।


Created On :   14 May 2026 11:21 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story