Nagpur News: नागपुर यूनिवर्सिटी में एआई, साइबर सिक्योरिटी और ड्रोन के आधुनिक कोर्स

नागपुर यूनिवर्सिटी में एआई, साइबर सिक्योरिटी और ड्रोन के आधुनिक कोर्स
  • अब डिग्री के साथ मिलेगा रोजगार का रास्ता
  • आगामी शैक्षणिक सत्र में दिया जाएगा प्रवेश

Nagpur News विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सीधे रोजगार और उद्योग से जोड़ने के उद्देश्य से राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कई आधुनिक और रोजगाराभिमुख पाठ्यक्रम शुरू करेगा। विश्वविद्यालय के विभिन्न स्वायत्त शैक्षणिक विभागों में प्रवेश प्रक्रिया जल्द प्रारंभ होगी। नई शिक्षा नीति और बदलती तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इन कोर्सों की रूपरेखा तैयार की गई है।

एईडीपी के अंतर्गत पाठ्यक्रम होंगे शुरू ः विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि विद्यार्थियों को पढ़ाई पूरी होते ही रोजगार के अवसर उपलब्ध हों तथा वे स्वयं का उद्योग भी स्थापित कर सकें, इस उद्देश्य से अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम (एईडीपी) के अंतर्गत कई अभिनव पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। इन पाठ्यक्रमों में आधुनिक तकनीक, डिजिटल क्षेत्र और उद्योग जगत की मांग वाले विषयों को प्रमुखता दी गई है।

यह है महत्वपूर्ण कोर्स ः नए स्नातक पाठ्यक्रमों में बीएससी (ऑनर्स) डाटा साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बीएससी फाइनेंशियल एक्चुरिअल मैथेमेटिक्स, बीएससी साइबर सिक्योरिटी, बीएससी सेमीकंडक्टर मटेरियल एंड डिवाइसेस, बीएससी सिस्टम एप्लिकेशन एंड प्रोडक्ट इन डाटा प्रोसेसिंग, बीएससी साइबर साइंस तथा बीएससी ड्रोन साइंस जैसे अत्याधुनिक कोर्स शामिल हैं। इसके अलावा बीकॉम (कॉर्पोरेट एडमिनिस्ट्रेशन) और बीए (ऑनर्स) अर्थशास्त्र पाठ्यक्रम भी विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध रहेंगे। विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि विभिन्न स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया भी शीघ्र आरंभ की जाएगी। विद्यार्थियों से इन नवाचारपूर्ण और रोजगार केंद्रित पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर अपने भविष्य को मजबूत बनाने की अपील की गई है।

डिजिटल क्षेत्र में भी करियर : रचनात्मक और डिजिटल क्षेत्र में करियर बनाने वाले विद्यार्थियों के लिए डिप्लोमा इन फिल्म प्रोडक्शन तथा डिप्लोमा इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डिजिटल मीडिया जैसे व्यावसायिक कोर्स भी शुरू किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय का मानना है कि इन पाठ्यक्रमों से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी कौशल और उद्योगों में काम करने का अनुभव प्राप्त होगा।


Created On :   14 May 2026 1:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story