Nagpur News: दैनिक भास्कर की पहल, पशु-पक्षियों की बचाएं जान, यही मानवता की पहचान

दैनिक भास्कर की पहल, पशु-पक्षियों की बचाएं जान, यही मानवता की पहचान
लोगों से मिल रही सराहना, बड़े बदलाव की कोशिश जारी

Nagpur News छोटी-छोटी कोशिशें ही बड़ा बदलाव लाती हैं। दैनिक भास्कर "छोटी सी आशा' पहल के जरिये वही बड़ा बदलाव लाने की कोशिश कर रहा है। इस अभियान के तहत लोगों को पशु-पक्षियों के बारे में सोचने और उनके प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील की जा रही है। साथ ही मिट्टी के सकोरे वितरित किए जा रहे हैं और उनमें पानी रखने के लिए कहा जा रहा है। शहर के हर घर के आंगन में सकोरे लगवाने और पक्षियों की प्यास बुझाने की अपील करना यह सुनिश्चित करता है कि हम प्रकृति के प्रति जागरूक हैं। इस अभियान को लोगों की सराहना मिल रही है। उनका कहना है कि इस भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करना मानवता की सच्ची सेवा है।

पक्षियों के संरक्षण की पहल : हर साल यह अभियान चलाया जाता है और हमें खुशी है कि हम भी हर साल इसमें शामिल होते हैं। इसके जरिये पशु-पक्षियों के संरक्षण की बात की जा रही है। साथ ही लोगों को जागरूक करने और जिम्मेदारी समझाने की कोशिश की जा रही है। - स्वाति मैथ्यू, एचआर हेड, पाटनी टोयोटा

बिना स्वार्थ के होते हैं शामिल - हम कई सालों से इस एक्टिविटी से जुड़े हुए हैं। हमें पता है कि गर्मी का सीजन शुरू हो गया है और यही एक एक्टिविटी है जो बिना किसी स्वार्थ और फल के की जाती है, ताकि पशु-पक्षियों के बारे में सोचा जाए और उन्हें इसका लाभ हो। - अमित येनुरकर, डायरेक्टर, संचेती ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स

छोटी-सी कोशिश सराहनीय - पशु-पक्षियों के लिए की जा रही एक छोटी-सी कोशिश सराहनीय है। गर्मी के दौरान उन्हें बहुत परेशानी होती है। खासतौर पर पानी नहीं मिल पाता। इस अभियान के जरिये लोगों ने भी अपने घरों और आस-पास के परिसर में उनके लिए दाना-पानी रखना चाहिए। - प्रियंका देशमुख, डायरेक्टर, प्रफुल वेद इंफ्रा

हमें सीख लेनी चाहिए : तपती धूप में इंसान भी झुलस जाता है, फिर वो तो पशु-पक्षी हैं। वह केवल भटकते रहते हैं, लेकिन उनके लिए पानी की सुविधा उपलब्ध कराना सराहनीय कार्य है। इसके लिए दैनिक भास्कर को बधाई। अन्य लोगों को भी इससे सीख लेनी चाहिए। - सुष्मिता गुप्ता, एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट, टीम केसर लैंड्स

उपक्रम प्रेरणादायक है : यह उपक्रम न केवल पर्यावरण संरक्षण, बल्कि करुणा और मानवता का संदेश देता है। इस भीषण गर्मी में पक्षियों को दाना-पानी सहजता से उपलब्ध हो सके, इसके लिए दैनिक भास्कर समूह का यह उपक्रम वाकई प्रेरणादायक है। - सतीश गबाले, महाप्रबंधक, जनसंपर्क, डब्ल्यूसीएल, नागपुर

पक्षियों का ख्याल किया जा रहा है : जिस तरह से तापमान बढ़ रहा है, हम सहन नहीं कर पाते हैं। ऐसे वातावरण में पशु-पक्षियों का क्या हाल होगा, हम समझ सकते हैं। हमने उनका ख्याल करना चाहिए और वही दैनिक भास्कर कर रहा है। हमें खुशी है कि हम मानवता के इस कार्य से उनके साथ जुड़े हुए हैं। - सारिका पेंडसे, अध्यक्ष, दि धरमपेठ महिला मल्टीस्टेट को-ऑप सोसाइटी लिमिटेड


Created On :   14 May 2026 12:51 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story