कब होंगे नियम लागू: भूषण ढाकुलकर की मांग - जीएमसी नागपुर में रेजिडेंट डॉक्टरों के ड्यूटी घंटे तय हों, डीन को सौंपा ज्ञापन

भूषण ढाकुलकर की मांग - जीएमसी नागपुर में रेजिडेंट डॉक्टरों के ड्यूटी घंटे तय हों, डीन को सौंपा ज्ञापन
  • भूषण ढाकुलकर के नेतृत्व में डीन डॉ. राज गजबिए को सौंपा ज्ञापन
  • इसे मरीजों की सुरक्षा से जुड़ा मामला बताया
  • डॉक्टरों के लिए दिन में अधिकतम 12 घंटे और हफ्ते में 48 घंटे की ड्यूटी तय

Nagpur News. आम आदमी पार्टी ने जीएमसी, नागपुर में पीजी मेडिकल छात्रों के लिए ड्यूटी घंटों के नियम लागू करने की मांग की है। आप के राज्य संगठन मंत्री भूषण ढाकुलकर ने इसे मरीजों की सुरक्षा से जुड़ा मामला बताया है। उनके नेतृत्व में आप के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार जीएमसी नागपुर के डीन डॉ. राज गजबिए से मिलकर एक ज्ञापन सौंपा। भूषण ढाकुलकर ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए दिन में अधिकतम 12 घंटे और हफ्ते में 48 घंटे की ड्यूटी तय की है। सरकार ने 30 मार्च को आदेश जारी करके राज्य के मेडिकल कॉलेजों से नया ड्यूटी रोस्टर मांगा है। लेकिन जीएमसी नागपुर में पीजी छात्रों से अब भी गैरकानूनी तरीके से ज्यादा घंटे काम कराया जा रहा है। इससे मरीजों की सुरक्षा को खतरा है और छात्रों में तनाव, डिप्रेशन बढ़ रहा है। भूषण ढाकुलकर के अनुसार जीएमसी नागपुर के डीन डॉ. राज गजबिए ने इस पर समुचित कार्रवाई का भरोसा जताया है।

आप ने ज्ञापन में भारत सरकार की 'यूनिफार्म रेजिडेंसी स्कीम, 1992' और नेशनल टास्क फोर्स 2024 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि ज्यादा ड्यूटी घंटों से डॉक्टरों के स्वास्थ्य और मरीजों की सुरक्षा दोनों से समझौता होता है। आप ने तीन मांगें रखी हैं। हर विभाग में ड्यूटी घंटे के नियम सख्ती से लागू करने और उल्लंघन पर विभागाध्यक्ष पर बीएनएस की धारा 146, 337, 340, 344 के तहत कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, पिछले तीन महीने के रेजिडेंट्स के ड्यूटी घंटों का ऑडिट का सुझाव दिया है ताकि फर्जी रिकॉर्ड पकड़ा जा सके। इसके अलावा, प्रथम वर्ष के जूनियर रेजिडेंट्स के माता-पिता के साथ खुली बैठक की भी मांग की गई है। इसमें आप के प्रतिनिधि भी शामिल करने की मांग की गई है ताकि छात्र-पालक बिना डरे अपनी बात रख सकें।

प्रतिनिधिमंडल में आप के राज्य सहसचिव रजनीकांत जिचकार, शहर अध्यक्ष अजिंक्य कळंबे, संगठन मंत्री रोशन डोंगरे, महासचिव अमेय नारनवरे, उपाध्यक्ष विपीन कुर्वे समेत नीलम नारनवरे, प्रज्ञाजीत सोमकुवर, पिंकी बारापात्रे शामिल थे। आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आने वाले दिनों में आंदोलन किया जाएगा। आप के राज्य संगठन मंत्री भूषण ढाकुलकर ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि भारत सरकार के स्पष्ट नियम और महाराष्ट्र सरकार के आदेश के बावजूद जीएमसी नागपुर में अवैध और 36 घंटे लंबी ड़यूटी लगाई जा रही है। कई स्टडी से पता चलता है कि बिना सोए और बिना आराम किए मेडिकल स्टूडेंट्स से लगातार काम कराने पर मरीजों के इलाज में गंभीर नुकसान का खतरा होता है। इससे मेडिकल स्टूडेंट्स में भी आत्महत्या के विचार आते हैं। डिप्रेशन और सीट छोड़ने जैसी समस्याएं भी सामने आती है।

Created On :   13 May 2026 8:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story