दस्तावेजों में छेड़छाड़!: जमीन खरीदी - बिक्री में धोखा, व्यक्ति ने लगाई फांसी, दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

जमीन खरीदी - बिक्री में धोखा, व्यक्ति ने लगाई फांसी, दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
  • जमीन खरीदी-बिक्री में कथित धोखाधड़ी
  • एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली

Nagpur News. जमीन खरीदी-बिक्री में कथित धोखाधड़ी से आहत एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ खापरखेड़ा थाने में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आशिष धर्मपाल कलमकर (41) खापरखेड़ा के चनकापुर क्षेत्र के निवासी थे और कोराड़ी थर्मल पावर स्टेशन में कार्यरत थे। उनके नाम पर भुलेवाड़ी-बिटोली क्षेत्र में करीब 3.15 एकड़ पैतृक जमीन थी। बताया जाता है कि किसी कारणवश उन्होंने 13 आर जमीन 8 लाख रुपए में स्वप्नील ढोरे की मदद से प्रमोद जांभुलकर को बेची थी।

रजिस्ट्री के बाद आशिष को जानकारी मिली कि दस्तावेजों में कथित छेड़छाड़ कर उनकी पूरी जमीन हड़प ली गई है। इसको लेकर उनका आरोपियों से विवाद भी हुआ। आशिष ने जमीन वापस करने की मांग की, लेकिन आरोपी इसके लिए तैयार नहीं हुए।

बताया जाता है कि मामूली रकम में लाखों रुपए की जमीन हाथ से निकल जाने से आशिष मानसिक रूप से परेशान थे। इसी तनाव में उन्होंने 5 मई की सुबह अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

प्रारंभ में मामले को आकस्मिक मृत्यु के रूप में दर्ज किया गया था। बाद में पत्नी तेजल कलमकर की शिकायत और मौके से मिले सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने स्वप्नील ढोरे और प्रमोद जांभुलकर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है।

Created On :   15 May 2026 6:04 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story