- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- बाल विकास शिविर में महापुरुषों के...
बाल विकास शिविर में महापुरुषों के विचारों से छात्रों को मिली प्रेरणा, टी-शर्ट वितरण और ऑनलाइन शिक्षा पहल शुरू

Nagpur News. टिमकी में आयोजित “व्यक्तित्व बाल विकास शिविर–2026” के छठे दिन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी मार्गदर्शन, टी-शर्ट वितरण तथा ऑनलाइन शिक्षा संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। 15 मई 2026 को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य मार्गदर्शक के रूप में उपस्थित सोमकुवर सर ने विद्यार्थियों को महापुरुषों के विचारों और उनके जीवन संघर्षों से परिचित कराया। उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर, महात्मा ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले, बिरसा मुंडा, छत्रपति शिवाजी महाराज और संत तुकाराम महाराज के जीवन कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और समाजसेवा को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। आदिम संशोधन अध्ययन मंडल, अस्तित्व क्रिएशन और एज्युकेशन एम्पॉवरमेंट ऑफ अंडरप्रिव्हिलेज्ड गर्ल्स फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन हुआ
इसके बाद स्टेट बैंक ऑफ हलबा कर्मचारी संघटना और सेंट्रलाइज्ड हलबा संघटना की ओर से शिविर में शामिल विद्यार्थियों को टी-शर्ट वितरित किए गए। आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में समानता, अनुशासन और एकरूपता की भावना विकसित करना है। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक टी-शर्ट स्वीकार किए।
यह भी पढ़े -शादी का झांसा देकर दो किशोरियों से रेप, अलग-अलग मामलों में एक को मां की हत्या की धमकी देकर बनाया बंधक, दूसरी हुई गर्भवती
कार्यक्रम में गुणवंत ट्यूशन क्लासेस के प्रा. सोनकुसरे सर ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा प्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के लिए प्रतिदिन शाम 7 बजे मोबाइल पर ऑनलाइन प्रश्नपत्र भेजे जाएंगे। इन प्रश्नपत्रों में सामान्य ज्ञान, बेसिक साइंस, इतिहास और अन्य विषयों से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे। साथ ही विद्यार्थियों को मोबाइल पर ऑनलाइन प्रश्नपत्र हल करने का प्रत्यक्ष प्रशिक्षण भी दिया गया।
इस अवसर पर हलबा सांस्कृतिक मंडल, बेसा की ओर से विद्यार्थियों के शालेय साहित्य के लिए 11 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। आयोजकों ने कहा कि इस सहयोग से जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़े -गुरूग्राम का अगला रेज़ीडेन्शियल कॉरिडोर बनने के लिए तैयार एसपीआर, 18.4 फीसदी सालाना की दर से बढ़ी संपत्तियों की कीमत
आयोजकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामाजिक संस्थाओं द्वारा किए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए हलबा सांस्कृतिक मंडल, बेसा का विशेष आभार व्यक्त किया। शिविर में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में शिक्षा, अनुशासन, तकनीक के सही उपयोग और समाज के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
Created On :   15 May 2026 7:04 PM IST












