पूर्व प्रेमिका की आईडी बनी बवाल की वजह और सेटलमेंट मीटिंग चाकूबाजी में बदली

पूर्व प्रेमिका की आईडी बनी बवाल की वजह और सेटलमेंट मीटिंग चाकूबाजी में बदली
  • दोनों गुटों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
  • हाय मैसेज से शुरू हुआ विवाद
  • यशोधरानगर में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष

Nagpur News. यशोधरानगर इलाके में एक मामूली “हाय” मैसेज ने ऐसा बवाल खड़ा कर दिया कि मामला सीधे चाकूबाजी और हत्या के प्रयास तक पहुंच गया। दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में कुछ युवक घायल हो गए। हैरानी की बात यह रही कि घायल अस्पताल तो पहुंचे, लेकिन किसी ने पुलिस थाने जाकर शिकायत दर्ज कराने की हिम्मत नहीं दिखाई। आखिरकार गश्त कर रही पुलिस ने खुद इस पूरे मामले का पर्दाफाश किया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब करण नामक युवक ने अपनी महिला मित्र की सोशल मीडिया आईडी से अमित नाम के युवक को “हाय” का मैसेज भेज दिया। यह वही युवती थी जो कभी अमित की करीबी दोस्त रही थी, लेकिन शादी के बाद दोनों के रास्ते अलग हो चुके थे। अचानक पुराने रिश्ते की आईडी से मैसेज आने पर अमित चौंक गया और अपनी पत्नी के साथ युवती के घर पहुंचकर पूछताछ की। वहां पता चला कि यह मैसेज करण ने मजाक या उकसावे के तौर पर भेजा था। इसके बाद अमित ने करण से संपर्क किया, लेकिन बातचीत में करण ने कह दिया कि “अब वह लड़की उसकी दोस्त है।” बस, यहीं से मामला गरमा गया।

दोनों पक्षों ने विवाद “सुलझाने” के लिए यशोधरानगर में मुलाकात तय की, लेकिन बातचीत की जगह माहौल तनावपूर्ण हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से युवक जुट गए और बहस चाकूबाजी में बदल गई। कुछ युवक घायल होकर मेयो अस्पताल पहुंचे। इसी दौरान शुक्रवार-शनिवार की रात गश्त पर निकले यशोधरानगर के वरिष्ठ थानेदार संदीप बुवा और उनकी टीम को घटना की भनक लगी। पुलिस ने तुरंत अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू की और पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। पुलिस ने दोनों गुटों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है। हालांकि घायलों का नाम पता नहीं चल सका है। यशोधरानगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Created On :   17 May 2026 8:51 PM IST

Tags

Next Story