योगी आदित्यनाथ ने महराजगंज को दी 208 करोड़ रुपए की सौगात, बोले-माफिया, दंगा और पलायन के दौर से निकला जिला

योगी आदित्यनाथ ने महराजगंज को दी 208 करोड़ रुपए की सौगात, बोले-माफिया, दंगा और पलायन के दौर से निकला जिला
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को महराजगंज में 208 करोड़ रुपए से अधिक लागत की 79 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि 2017 से पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश इंसेफेलाइटिस, माफियावाद, अराजकता और पलायन की मार झेल रहा था, लेकिन डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी हैं।

महराजगंज, 15 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को महराजगंज में 208 करोड़ रुपए से अधिक लागत की 79 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि 2017 से पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश इंसेफेलाइटिस, माफियावाद, अराजकता और पलायन की मार झेल रहा था, लेकिन डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय इंसेफेलाइटिस महामारी बनकर बच्चों की जान लेती थी, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल थीं और किसान, नौजवान व बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस करते थे। आज महराजगंज में मेडिकल कॉलेज है, कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और माफिया का आतंक समाप्त हुआ है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, “अब कोई माफिया गरीब की जमीन पर कब्जा नहीं कर सकता। कोई बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने का दुस्साहस नहीं कर सकता और गौहत्या करने वालों पर भी सख्ती से कार्रवाई हो रही है।”

उन्होंने नौतनवां विधानसभा का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के गठन के बाद पहली बार पार्टी समर्थित प्रत्याशी की जीत यहां हुई थी और क्षेत्र की जनता के समर्थन का ऋण विकास कार्यों के जरिए चुकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी गई, जिसके कारण नौतनवां तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले करोड़ों रुपए कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल पर खर्च किए जाते थे, जबकि अब वही धन मंदिरों के सुंदरीकरण और धार्मिक स्थलों के विकास में लगाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा और सहयोगी दलों के विधायक अपने क्षेत्रों में सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का काम कर रहे हैं। उन्होंने राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्षी दल इन परियोजनाओं में हमेशा बाधा बने रहे। उन्होंने दावा किया कि देश में डबल इंजन सरकार के मॉडल को व्यापक समर्थन मिल रहा है और पश्चिम बंगाल में भी जनता बदलाव चाहती है।

ईंधन आपूर्ति और वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के कई देशों में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतें कई गुना बढ़ी हैं, लेकिन भारत सरकार ने हालात को नियंत्रित रखने का प्रयास किया है।

उन्होंने लोगों से विपक्ष के “नकारात्मक नैरेटिव” से बचने की अपील करते हुए कहा कि देशहित में लिए गए फैसलों के साथ सभी नागरिकों को खड़ा होना चाहिए। योगी आदित्यनाथ ने कहा, “देश से बढ़कर कुछ नहीं है। जो भी निर्णय राष्ट्रहित में होगा, उसमें हर भारतीय को प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ा होना चाहिए।

-- आईएएनएस

विकेटी/वीसी

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 May 2026 4:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story