यूथ टेस्ट रोहित-चिगुरुपति की शानदार गेंदबाजी, भारत ने दूसरे अनौपचारिक टेस्ट में श्रीलंका को 211 रनों से रौंदा

यूथ टेस्ट रोहित-चिगुरुपति की शानदार गेंदबाजी, भारत ने दूसरे अनौपचारिक टेस्ट में श्रीलंका को 211 रनों से रौंदा
भारत अंडर 19 टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका टीम को दूसरे अनौपचारिक टेस्ट मैच में 211 रनों से हराया। आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में भारत से मिले 472 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दूसरी पारी में श्रीलंका की पूरी टीम 260 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

कोलंबो, 23 जुलाई (आईएएनएस)। भारत अंडर 19 टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका टीम को दूसरे अनौपचारिक टेस्ट मैच में 211 रनों से हराया। आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में भारत से मिले 472 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दूसरी पारी में श्रीलंका की पूरी टीम 260 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत दूसरी पारी में भी अच्छी नहीं रही। दिमंथा महाविथाना बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, तो अवीशा समश भी सिर्फ 2 रन ही बना सके। विरन चामुदिथा अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 30 गेंदों में 31 रन बनाने के बाद आउट हुए। 3 विकेट 38 के स्कोर पर गिरने के बाद सेनुजा वेकुनागोडा और कप्तान विमथ दिंसारा ने मोर्चा संभाला और चौथे विकेट के लिए 98 रनों की अहम साझेदारी निभाई।

सेनुजा ने 52 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौकों की मदद से 64 रन बनाए। वहीं, कप्तान विमथ भी 64 रन बनाकर आउट हुए। कविजा गमागे ने 36 रनों का योगदान दिया, जबकि सेथमिका सेनेविरात्ने ने 42 रन बनाए। इसके बाद टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और पूरी टीम 260 रन बनाकर ढेर हो गई। भारत की ओर से गेंदबाजी में रोहित यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं, चिगुरुपति वेंकटा ने 3 विकेट चटकाए।

इससे पहले भारत ने पहली पारी में 411 रन बनाए थे। टीम की तरफ से मनाल चौहान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 150 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि कुशाग्र ओझा ने 111 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम पहली पारी में 148 रन बनाकर सिमटी। पहली पारी के आधार पर भारतीय टीम ने 263 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की।

दूसरी पारी में भारत ने 3 विकेट गंवाकर 208 रन बनाने के बाद अपनी पारी को घोषित किया। भारतीय टीम की ओर से दूसरी पारी में लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने नाबाद शतकीय ( नाबाद 100 रन) पारी खेली तो मनाल अर्धशतक बनाकर नॉटआउट रहे। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज को 1-0 से अपने नाम किया। सीरीज का पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 July 2026 2:33 PM IST

Tags

Next Story