युद्ध से किसी का फायदा नहीं, अमेरिका-ईरान बातचीत की मेज पर आएं और तनाव कम करें प्रतुल शाहदेव
रांची, 29 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने अंतरराष्ट्रीय हालात और देश की राजनीति को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत की नीति हमेशा से यही रही है कि किसी भी संघर्ष में दोनों पक्षों से शांति और बातचीत की अपील की जाए।
प्रतुल शाहदेव ने आईएएनएस से कहा कि युद्ध से किसी का कोई फायदा नहीं होता। उन्होंने अमेरिका, इजराइल और ईरान से अपील करते हुए कहा कि सभी देश बातचीत की मेज पर आएं और तनाव कम करें। उन्होंने चेतावनी दी कि दुनिया में आर्थिक मंदी के संकेत दिखने लगे हैं और युद्ध के कारण निर्दोष लोगों की जान भी जा रही है।
वहीं, प्रतुल शाहदेव ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी संविधान की मूल भावना के खिलाफ काम कर रही हैं। पहले ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को निशाना बनाया और अब सुरक्षा बलों पर सवाल उठा रही हैं जबकि यही जवान कठिन परिस्थितियों में देश की सुरक्षा करते हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पूरी पारदर्शिता के साथ चुनाव करा रहा है लेकिन ममता बनर्जी को हार का डर सता रहा है। ममता बनर्जी अब तक गलत तरीकों से चुनाव जीतती रही हैं, इसलिए अब उन्हें चिंता हो रही है।
आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर भी प्रतुल शाहदेव ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि इस बार डीएमके की हार तय है और राज्य में एनडीए की सरकार बनने जा रही है।
इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चाहे अखिलेश यादव कितनी भी सद्भावना यात्राएं निकाल लें, 2027 में उत्तर प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत से बनेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान गुंडे खुलेआम हथियार लेकर घूमते थे, लेकिन अब ऐसी स्थिति खत्म हो चुकी है। यही कारण है कि विपक्षी नेता परेशान हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 March 2026 12:26 PM IST










