'उन्हें टेस्ट क्रिकेट में वापसी करनी चाहिए', कोहली की दमदार पारी के बाद बोले अंबाती रायडू

नई दिल्ली, 29 मार्च (आईएएनएस)। भारत के पूर्व क्रिकेटर अंबाती रायडू ने विराट कोहली की जमकर तारीफ की है। रायडू ने कोहली को टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने का सुझाव भी दिया है। विराट ने आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 69 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 6 विकेट से जीत दिलाई।
विराट ने 38 गेंदों का सामना करते हुए 69 रन बनाए। अपनी इस पारी में कोहली ने पांच चौके और 5 छक्के लगाए। आईपीएल में विराट के बल्ले से 64वां अर्धशतक निकला। कोहली आईपीएल इतिहास में रनों का पीछा करते हुए 4 हजार रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज भी बने। उनकी दमदार पारी के बूते आरसीबी ने 202 रनों के लक्ष्य को 15.4 ओवर में ही हासिल कर लिया।
रायडू का मानना है कि विराट जिस तरह से वनडे में बैटिंग कर रहे हैं और सबसे बड़ी टी20 लीग (आईपीएल) में भी अपनी फॉर्म जारी रखे हुए हैं, वह काफी कमाल है। पूर्व खिलाड़ी के मुताबिक, विराट में अभी पांच से छह साल का इंटरनेशनल क्रिकेट बाकी है। 'ईएसपीएन क्रिकइंफो' पर उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि आईपीएल में उनका बेस्ट प्रदर्शन आना अभी बाकी है। हमने जो देखा है, वह तो बस एक ट्रेलर है। फिटनेस उनके लिए कभी कोई दिक्कत नहीं रही है। मुझे नहीं लगता कि वह कभी अपनी फिजिकल फिटनेस, बॉल पर देर से आने या फील्ड पर धीमा होने को लेकर किसी परेशानी में पड़ेंगे। सिर्फ एक चीज जो उन्हें पीछे धकेल सकती है, वह है उनकी मानसिक स्थिति। मुझे नहीं लगता कि वह अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं। मुझे अभी भी उनके अंदर पांच से छह साल का क्रिकेट करियर दिखाई देता है।"
रायडू ने आगे कहा, "मुझे लगता है कि उन्हें टेस्ट क्रिकेट में वापसी करनी चाहिए, उम्मीद करता हूं एक कप्तान के तौर पर। वह कम से कम भारतीय क्रिकेट में सबसे अच्छे लाल गेंद के कप्तान रहे हैं, जिन्हें मैंने देखा है। विराट को ऐसा करना चाहिए, क्योंकि जिस तरह से वह बैटिंग कर रहे हैं, मुझे लगता है कि भारतीय क्रिकेट को उनकी बहुत जरूरत है।"
भारत के सबसे बेहतरीन टेस्ट खिलाड़ी में एक रहे कोहली ने पिछले साल बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में खराब प्रदर्शन के बाद क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में खेले 123 मुकाबलों में 9,230 रन बनाए। कोहली ने अपने करियर के दौरान 30 शतक और 31 अर्धशतक लगाए। वहीं, टी20 फॉर्मेट को कोहली ने टी20 विश्व कप 2024 को जीतने के बाद ही अलविदा कह दिया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 March 2026 1:33 PM IST












