तमिलनाडु चुनाव सीएम स्टालिन 31 मार्च को तिरुवरूर से करेंगे डीएमके के चुनाव अभियान की शुरुआत

तमिलनाडु चुनाव  सीएम स्टालिन 31 मार्च को तिरुवरूर से करेंगे डीएमके के चुनाव अभियान की शुरुआत
आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल तेज हो चुका है। राज्य के मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन 31 मार्च को तिरुवरूर से अपनी पार्टी के चुनाव प्रचार की औपचारिक शुरुआत करेंगे।

चेन्नई, 29 मार्च (आईएएनएस)। आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल तेज हो चुका है। राज्य के मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन 31 मार्च को तिरुवरूर से अपनी पार्टी के चुनाव प्रचार की औपचारिक शुरुआत करेंगे।

यह अभियान शुरू होने से कुछ ही दिन पहले सीएम स्टालिन ने डीएमके के सभी उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। पार्टी ने 164 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि बाकी 70 सीटें सहयोगी दलों को सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस के तहत दी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने इस सूची को 'अपडेटेड' और सोच-समझकर तैयार किया गया बताया है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के चयन से पहले पार्टी और गठबंधन सहयोगियों के साथ व्यापक चर्चा की गई थी।

तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि 4 मई को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, डीएमके गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर कई बार तीखी चर्चाएं और हल्की खींचतान भी देखने को मिली, लेकिन अब गठबंधन पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुका है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, सीएम स्टालिन 31 मार्च को शाम 5 बजे तिरुवरूर के साउथ रथा स्ट्रीट से अपने राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे। तिरुवरूर का चयन खास महत्व रखता है, क्योंकि यह डीएमके के दिग्गज नेता एम. करुणानिधि का जन्मस्थान है।

इस ऐतिहासिक जगह से अभियान शुरू कर डीएमके अपने वैचारिक विरासत और जनता के साथ भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना चाहती है।

पार्टी के आधिकारिक बयान के अनुसार, स्टालिन पूरे राज्य में व्यापक प्रचार करेंगे और पार्टी उम्मीदवारों के साथ-साथ सहयोगी दलों के प्रत्याशियों के लिए भी समर्थन जुटाएंगे। चुनाव प्रचार के दौरान डीएमके सरकार की उपलब्धियों को प्रमुखता से उठाया जाएगा, विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया जाएगा और जमीनी स्तर पर समर्थन मजबूत करने की कोशिश की जाएगी।

पार्टी नेतृत्व का मानना है कि तिरुवरूर से अभियान की शुरुआत कार्यकर्ताओं में जोश भरेगी और पूरे राज्य में एक मजबूत चुनावी माहौल तैयार करेगी।

इस कार्यक्रम में राज्यभर से बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 March 2026 2:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story