बिहार मैट्रिक परीक्षा में भी छात्राएं छात्रों से आगे निकलीं, पहले तीन स्थानों में पांच परीक्षार्थियों में चार छात्राएं
पटना, 29 मार्च (आईएएनएस)। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक (10वीं) का परीक्षा परिणाम रविवार को जारी कर दिया गया। बिहार ऐसा पहला राज्य है जिसने मार्च महीने में ही मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया।
रविवार को जारी मैट्रिक परीक्षा परिणाम को देखें तो इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम की तरह मैट्रिक में भी छात्रों से आगे छात्राएं नजर आ रही हैं। 10वीं की टॉपर सूची में पहले स्थान पर दो छात्राओं ने संयुक्त रूप से कब्जा जमाया। जमुई स्थित सिमुलतला आवासीय विद्यालय की पुष्पांजलि कुमारी और उच्च माध्यमिक विद्यालय, छौड़ाही (वैशाली) की सबरीन परवीन ने 500 में से 492 अंक हासिल किए हैं। इसी तरह देखा जाए तो पहले तीन स्थानों में शामिल पांच परीक्षार्थियों में चार छात्राएं हैं।
प्रदेश भर में दूसरे स्थान पर बेगूसराय की नाहिद सुल्ताना ने 489 अंक के साथ 97.8 प्रतिशत लाए हैं। इसी तरह तीसरे स्थान पर यूसीसी माध्यमिक विद्यालय, बक्सर की अनूपा कुमारी और बेगूसराय के ओम कुमार हैं, जिन्होंने 488 नंबर के साथ 97.6 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। इसी तरह चौथे स्थान पर संयुक्त रूप से तीन परीक्षार्थी पहुंचे हैं। समस्तीपुर जेपी हाई स्कूल, नरहन, समस्तीपुर की ज्योति कुमारी, बांका के अनुभव कुमार और पूर्णिया के अंश राज ने 487 अंक प्राप्त किए हैं।
बेगूसराय की प्रेरणा कुमारी, भोजपुर की नसरीन परवीन, बेगूसराय के अभनिष कुमार, कैमूर के विकास कुमार गुप्ता और सहरसा के रूपेश कुमार ने 486 अंक लाकर संयुक्त रूप से प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया है। इस तरह देखा जाए तो इस बार टॉप -पांच में 13 विद्यार्थियों ने अपनी जगह बनाई है। पूरी टॉप-10 की सूची में कुल 139 विद्यार्थियों के नाम दर्ज हैं। इस बार की परीक्षा में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों में छात्राओं की संख्या भी अधिक है।
बता दें कि इससे पहले सोमवार को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) द्वारा आयोजित 12वीं यानी इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम जारी किए गए थे। 12वीं में 85.19 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल की है। इस बार तीनों संकायों के 26 टॉपरों में 19 लड़कियां शामिल थीं।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 March 2026 3:03 PM IST











