गुजरात में सभी श्रमिकों के लिए की गई 5 किलो के गैस सिलेंडर की व्यवस्था हर्ष संघवी

गुजरात में सभी श्रमिकों के लिए की गई 5 किलो के गैस सिलेंडर की व्यवस्था   हर्ष संघवी
गुजरात के दक्षिणी हिस्से में उद्योगों से जुड़े मुद्दों को लेकर उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने अहम बैठक की। इस बैठक में वापी से लेकर भरूच तक के सभी उद्योग संघों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

सूरत, 29 मार्च (आईएएनएस)। गुजरात के दक्षिणी हिस्से में उद्योगों से जुड़े मुद्दों को लेकर उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने अहम बैठक की। इस बैठक में वापी से लेकर भरूच तक के सभी उद्योग संघों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने बताया कि बैठक में गैस सप्लाई, उत्पादन और कामगारों के लिए जरूरी सुविधाओं जैसे कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी श्रमिक या उनके परिवार को चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि सरकार सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रही है। दक्षिण गुजरात और गुजरात में सभी श्रमिकों के लिए 5 किलो वाले गैस सिलेंडर की पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी भ्रामक व्हाट्सऐप संदेश पर ध्यान न दें। अगर किसी तरह की दिक्कत आती है, तो सीधे सरकारी विभागों से संपर्क करें, जहां उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

वहीं, दक्षिणी गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) के अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने बताया कि डिप्टी सीएम और अन्य अधिकारियों ने पूरे हालात की समीक्षा की। उन्होंने उद्योगों का निरीक्षण भी किया, ताकि उत्पादन प्रभावित न हो। जहां-जहां गैस सप्लाई में समस्या है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था का भी आकलन किया गया।

इसके अलावा, अखिल गुजरात वस्त्र महासंघ के अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए यह बैठक बुलाई गई थी। इसमें फार्मा, केमिकल और टेक्सटाइल समेत सभी प्रभावित उद्योगों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया।

उन्होंने बताया कि बैठक में सभी उद्योगों ने अपनी-अपनी समस्याएं साझा कीं और समाधान के लिए सुझाव दिए। सरकार और उद्योगों के बीच बेहतर तालमेल के जरिए इस संकट से निपटने की कोशिश की जा रही है।

गुजरात सरकार का फोकस यह सुनिश्चित करना है कि उत्पादन पर असर न पड़े और कामगारों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 March 2026 2:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story