युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को मिला मंच, पुलवामा में अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार समापन
पुलवामा, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने और युवाओं के बीच रचनात्मक जुड़ाव को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुलवामा पुलिस ने सिविक एक्शन प्रोग्राम (सीएपी) 2026-27 के तहत लेलहार क्रिकेट ग्राउंड, काकापोरा में लड़कों के लिए अंडर-19 नॉकआउट क्रिकेट टूर्नामेंट का सफलतापूर्वक समापन किया। टूर्नामेंट का समापन एक रोमांचक फाइनल के साथ हुआ, जिसमें उत्साह, खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला।
टूर्नामेंट में जिले के विभिन्न हिस्सों से कुल आठ टीमों ने भाग लिया और इसमें लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखी गई। फाइनल मुकाबला पुलवामा क्रिकेट टीम और लेलहार क्रिकेट टीम के बीच खेला गया, जिसमें पुलवामा क्रिकेट टीम विजयी रही और उसने चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती।
समापन समारोह में पुलवामा के एसएसपी साहिल सारंगल (आईपीएस) और जिले के अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए। युवा क्रिकेटरों से बातचीत करते हुए एसएसपी पुलवामा ने उनके उत्साह, अनुशासन और खेल भावना की सराहना की। उन्होंने युवाओं में टीम वर्क, आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने में खेलों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने प्रतिभागियों को लगन के साथ खेल जारी रखने और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक गतिविधियों में लगाने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने सीएप 2026-27 के तहत समुदाय-केंद्रित पहलों के माध्यम से खेलों को बढ़ावा देने, युवा प्रतिभाओं को निखारने और पुलिस-जनता के संबंधों को मजबूत करने के लिए पुलवामा पुलिस की प्रतिबद्धता को दोहराया।
विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार दिए गए। 'प्लेयर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' को भी उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
इस टूर्नामेंट ने उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने, खेल कौशल विकसित करने और आपसी भाईचारा बढ़ाने के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान किया। पुलवामा पुलिस सीएपी 2026-27 के तहत ऐसी पहलों के माध्यम से खेलों और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Oct 2026 11:29 PM IST












