युवाओं के लिए आउटसोर्स भर्ती में पारदर्शिता, समय पर वेतन और सामाजिक सुरक्षा का नया दौर केशव मौर्य

युवाओं के लिए आउटसोर्स भर्ती में पारदर्शिता, समय पर वेतन और सामाजिक सुरक्षा का नया दौर  केशव मौर्य
उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारंभ में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को कहा कि निगम के माध्यम से युवाओं को पारदर्शी भर्ती, समय पर वेतन और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी मिलेगी। आउटसोर्स कर्मियों को 50 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा, ईपीएफ-ईएसआई और मातृत्व अवकाश जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

लखनऊ, 2 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारंभ में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को कहा कि निगम के माध्यम से युवाओं को पारदर्शी भर्ती, समय पर वेतन और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी मिलेगी। आउटसोर्स कर्मियों को 50 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा, ईपीएफ-ईएसआई और मातृत्व अवकाश जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

लोक भवन में आयोजित उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारंभ कार्यक्रम में निगम के लोगो का अनावरण, पोर्टल एवं वेबसाइट का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर 12 आउटसोर्स कर्मियों को डमी चेक भी वितरित किए गए। उपमुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि निगम के माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी चयन प्रक्रिया सुनिश्चित होगी। आउटसोर्स कर्मियों को समय पर सीधे वेतन भुगतान की गारंटी के साथ ईपीएफ और ईएसआई जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कर्मियों को 50 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा, मातृत्व अवकाश तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यूपीसीओसी के माध्यम से आउटसोर्सिंग व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को सुदृढ़ करते हुए युवाओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाएगी। निगम की स्थापना का उद्देश्य आउटसोर्स श्रमिकों के अधिकारों को विनियमित एवं संरक्षित करना तथा पूरी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

केशव मौर्य ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाओं के जीवन में आर्थिक बदलाव आया है। जब आधी आबादी आर्थिक रूप से सशक्त होगी, तभी देश और प्रदेश विकसित होगा। वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने के लिए महिलाओं, युवाओं और किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना आवश्यक है। डबल इंजन सरकार इसी विजन को धरातल पर उतारने के लिए दिन-रात कार्य कर रही है।

उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में उत्तर प्रदेश को भ्रष्टाचार और लूट का अड्डा बना दिया गया था, जबकि आज प्रदेश देश-विदेश के निवेशकों के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद निवेश स्थल बन चुका है। यह परिवर्तन एक दिन का परिणाम नहीं है, बल्कि जनता के विश्वास, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार किए जा रहे विकास कार्यों का परिणाम है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, समान अवसर और सुरक्षित रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम की स्थापना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिसके माध्यम से आउटसोर्स कर्मियों के अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ भर्ती और सेवा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाया जाएगा।

--आईएएनएस

विकेटी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Sept 2026 5:00 PM IST

Tags

Next Story