जरूरत से ज्यादा सोना सेहत के लिए खतरनाक, शरीर देता है गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की चेतावनी

जरूरत से ज्यादा सोना सेहत के लिए खतरनाक, शरीर देता है गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की चेतावनी
अच्छी सेहत के लिए नींद बेहद जरूरी है। स्वस्थ रहने के लिए रोजाना लगभग 7 से 9 घंटे की नींद लेनी चाहिए, लेकिन समस्या तब शुरू होती है जब नींद कम नहीं, बल्कि जरूरत से ज्यादा आने लगे। अगर कोई व्यक्ति रोज 10 घंटे या उससे ज्यादा सोता है और फिर भी खुद को थका हुआ महसूस करता है, तो यह सामान्य नहीं है।

नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। अच्छी सेहत के लिए नींद बेहद जरूरी है। स्वस्थ रहने के लिए रोजाना लगभग 7 से 9 घंटे की नींद लेनी चाहिए, लेकिन समस्या तब शुरू होती है जब नींद कम नहीं, बल्कि जरूरत से ज्यादा आने लगे। अगर कोई व्यक्ति रोज 10 घंटे या उससे ज्यादा सोता है और फिर भी खुद को थका हुआ महसूस करता है, तो यह सामान्य नहीं है।

बच्चों, किशोरों, गर्भवती महिलाओं या बीमारी से ठीक हो रहे लोगों में नींद की जरूरत थोड़ी अधिक हो सकती है, लेकिन स्वस्थ वयस्कों में लगातार बहुत ज्यादा नींद किसी छिपी समस्या का संकेत हो सकती है।

वैज्ञानिक शोध बताते हैं कि जरूरत से ज्यादा सोने से शरीर की गतिविधियां कम हो सकती हैं। जब व्यक्ति ज्यादा समय बिस्तर पर बिताता है, तो इससे वजन बढ़ने की संभावना बढ़ती है। लंबे समय तक ऐसा चलने पर शरीर का मेटाबॉलिज्म भी धीमा हो सकता है। इसके अलावा कई लोग ज्यादा सोने के बाद भी भारीपन, सुस्ती और सिरदर्द महसूस करते हैं।

डॉक्टर बताते हैं कि बहुत ज्यादा नींद आना कई बार किसी अंदरूनी स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकता है। नींद से जुड़ी कुछ बीमारियां जैसे नींद में सांस रुकना, मस्तिष्क से जुड़ी नींद की समस्याएं या शरीर में बेचैनी की स्थिति नींद को बार-बार बाधित कर सकती हैं। इसी वजह से व्यक्ति ज्यादा देर तक सोने के बाद भी थका हुआ महसूस करता है। इसके अलावा अनियमित दिनचर्या, लगातार तनाव, गलत खानपान, बहुत ज्यादा कैफीन या शराब का सेवन भी नींद के पैटर्न को बिगाड़ सकता है।

कुछ मामलों में यह स्थिति शरीर के हार्मोनल बदलाव या पुरानी बीमारियों से भी जुड़ी हो सकती है। जैसे थायरॉयड की समस्या, ब्लड शुगर का असंतुलन या कुछ तंत्रिका तंत्र से जुड़ी बीमारियां भी व्यक्ति को ज्यादा सोने के लिए मजबूर करती हैं। इसलिए अगर किसी व्यक्ति की नींद अचानक बढ़ जाए या वह लंबे समय तक थकान महसूस करता रहे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

डॉक्टरों की सलाह है कि अगर ज्यादा नींद के साथ तेज खर्राटे, सांस लेने में परेशानी, अचानक वजन बढ़ना या याददाश्त कमजोर होने जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत जांच करानी चाहिए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 Jun 2026 5:22 PM IST

Tags

Next Story