झेंग किनवेन ने 'चाइना ओपन' में अपना पहला डब्ल्यूटीए 1000 खिताब जीता
बीजिंग, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। चाइना ओपन में रविवार को चीन की झेंग किनवेन ने चौथी वरीयता प्राप्त रूसी खिलाड़ी मीरा एंड्रीवा को 7-5, 6-4 से मात देकर 'विमेंस सिंगल्स' का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस जीत के साथ किनवेन ने अपना पहला 'डब्ल्यूटीए 1000 खिताब' जीता। घरेलू दर्शकों के सामने जीत का जश्न मनाते हुए किनवेन भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
इस जीत के साथ झेंग चाइना ओपन में सिंगल्स खिताब जीतने वाली पहली चीनी खिलाड़ी बन गईं। पेरिस 2024 गेम्स में ओलंपिक गोल्ड जीतने के बाद से, दाहिनी कोहनी की लगातार चोट ने झेंग के करियर को प्रभावित किया और जुलाई 2025 में उन्हें सर्जरी करानी पड़ी। इसके बाद उनकी रैंकिंग 2024 में करियर के सबसे ऊंचे स्थान नंबर 4 से गिरकर जून 2026 के मध्य में नंबर 160 तक आ गई।
इस जीत से झेंग को 1,000 रैंकिंग प्वाइंट्स और 11,51,380 अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि मिली, जिससे वह लाइव डब्ल्यूटीए रैंकिंग में नंबर 23 पर पहुंच गईं।
मैच के बाद झेंग ने कहा, "यह एहसास अद्भुत है। बीजिंग में, अपने घरेलू दर्शकों के सामने जीतना हमेशा से मेरा सपना रहा है। आज का मैच बहुत मुश्किल था। मीरा एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उन्होंने शुरुआत में ही मेरी सर्विस ब्रेक कर दी थी। मुझे बस एक-एक प्वाइंट पर ध्यान देना था और खुद से कहना था कि डटी रहो और कभी हार मत मानो। इतने सारे मैच खेलने के बाद मैं शारीरिक और मानसिक रूप से थक गई थी, लेकिन घरेलू दर्शकों के सामने खेलने से मुझे आगे बढ़ते रहने की अतिरिक्त ताकत मिली।"
उन्होंने कहा, "मैं इस साल रोलैंड गैरोस में मीरा की शानदार उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई देना चाहती हूं। मुझे कभी आपसे व्यक्तिगत रूप से बधाई देने का मौका नहीं मिला, इसलिए मैं अब ऐसा करना चाहती हूं। इस हफ्ते फाइनल में पहुंचने के लिए भी आपको बधाई। आप बहुत युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, और आपने जो कुछ भी हासिल किया है, उसके लिए आपको और आपकी टीम को बधाई।"
"मैं इस पूरे सफर में मेरा साथ देने के लिए अपनी टीम का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं। मैंने एक बहुत मुश्किल साल देखा है, और आपके बिना मैं यह नहीं कर पाती। आखिर में, मैं सभी प्रायोजकों, रेफरी और उन सभी कर्मचारियों का भी धन्यवाद करना चाहती हूं जिन्होंने पूरे हफ्ते इतनी मेहनत की। और सभी फैंस का भी उनके शानदार समर्थन के लिए धन्यवाद। यह खिताब आप सभी का भी है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Oct 2026 11:52 PM IST











