Bihar Politics: NDA में शराबबंदी को लेकर मचा सियासी बवाल! BJP की मांग पर JDU ने साफ किया अपना रुख

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार में लागू शराबबंदी को लेकर सियासत गरमा रही है। इसे लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है। हालांकि, इस कानून को लेकर सबसे ज्यादा उठक पठक एनडीए के घटक दलों के बीच देखने को मिल रही है। एनडीए में राष्ट्रीय लोक मोर्चा और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बाद अब बीजेपी विधायन विनय बिहारी की ओर से शराबबंदी को लेकर दिए बयान पर सियासी घमासन छिड़ गया है। ऐसे में अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जेडीयू ने एक बार फिर अपना रुख साफ किया है।
एनडीए में शराबबंदी को लेकर अनबन
बीजेपी विधायक विनय बिहारी ने रविवार को कहा है कि शराबंबदी ठीक से लागू हो नहीं तो पहले जैसा था वैसा कर दिया जाए। इस पर जेडीयू के प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि राष्टपिता महात्मा गांधी की विचारों के अनुरूप चलकर एक मजबूत इकबाल का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शराबबंदी कानून को बिहार में लागू किया है। समय-समय पर इसमें समीक्षा होती है, लेकिन समीक्षा की आर में इसमें ढिलाई देने की बात, छूट देने की बात या इसे समाप्त करने की बात पूरी तरह बेईमानी है। ऐसा कतई संभव नहीं है।
अभिषेक झा ने कहा कि सबके सुझावों का स्वागत है। अब कौन क्या बयान देते हैं, वो (विनय बिहारी) व्यक्तिगत मामला है। उस पर टीका-टिप्पणी करने का कोई औचित्य नहीं है।
यह भी पढ़े -एआई समिट में कांग्रेस का प्रदर्शन 'थ्री एस- शर्टलेस, शेमलेस और सीटलेस' मॉडल भाजपा प्रवक्ता गौरव वल्लभ
शराबबंदी कानून को लेकर बीजेपी ने कही ये बात
बीजेपी विधायक के शराबबंदी कानून को लेकर दिए गए बयान पर बिहार बीजेपी के प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने कहा, "विनय बिहारी जी ने जो चिंता व्यक्त की है वह जमीनी स्तर की चुनौतियों की ओर संकेत कर रहे हैं, लेकिन बिहार में शराबबंदी का फैसला समाज के हित में लिए लिया गया एक ऐतिहासिक निर्णय है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लिए गए इस फैसले से लाखों परिवारों का घर बर्बाद होने से बचा है। महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान मिला है। बीजेपी का स्पष्ट मत है कि शराबबंदी कानून लागू रहेगा। इसको और प्रभावशाली बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।"
प्रभाकर मिश्रा ने कहा कि जहां भी अवैध कारोबार हो रहा है वहां सख्ती से कार्रवाई हो रही है। इसमें आगे भी और कड़े कदम उठाए जाएंगे। सुधार की गुंजाइश हर नीति में होती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम सामाजिक सुधार को खत्म कर दें। हमारा लक्ष्य है शराब मुक्त, सुरक्षित और समृद्ध बिहार।
Created On :   23 Feb 2026 12:40 AM IST













