India Mobile Congress 2025: इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 का हुआ उद्घाटन, पीएम मोदी ने किया लोगों को संबोधित, जानें युवाओं के लिए क्या बोले पीएम?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत और एशिया के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी मेले की तरह पहचाने जाने वाले इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 की आज (8 अक्टूबर) से शुरू हो रही है। आईएमसी 2025 का आयोजन 8 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में किया गया है। पीएम मोदी भी इस इवेंट पर पहुंचे थे और उन्होंने इवेंट के 9वें संस्करण का उद्घाटन करके लोगों को संबोधित किया है। पीएम मोदी ने देश के युवाओं को भी अहम बताया है। पीएम मोदी ने कहा है कि, सरकार देश की प्रतिभा और क्षमता के पीछे पूरी ताकत से खड़ी हुई है।
पीएम मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा है कि, 'यह IMC आयोजन अब केवल मोबाइल और दूरसंचार तक सीमित नहीं रह गया है। कुछ ही वर्षों में, यह IMC आयोजन एशिया का सबसे बड़ा डिजिटल प्रौद्योगिकी फोरम बन गया है। यह सफलता की कहानी भारत के टैक्स सेविंग माइंडसेट ने लिखी है, इसका नेतृत्व किया है हमारे युवाओं ने, ये इसलिए मुमकीन हो पाया है क्योंकि आज सरकार देश की प्रतिभा और क्षमता के पीछे पूरी ताकत से खड़ी है।'
देश ने मेक इन इंडिया के मजाक का दिया जवाब- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने आगे कहा कि, 'इंडिया मोबाइल कांग्रेस और दूरसंचार क्षेत्र में भारत की सफलता, आत्मनिर्भर भारत के विजन की ताकत को प्रदर्शित करती है। जब मैंने मेक इन इंडिया की बात की, तो कुछ लोगों ने इसका मजाक उड़ाया लेकिन देश ने इसका जवाब दिया। जो देश कभी 2G के लिए संघर्ष कर रहा था, अब उसके हर जिले में 5G है। कुछ दिन पहले ही भारत ने अपना मेड इन इंडिया 4G स्टैक लॉन्च किया है। यह देश के लिए एक बड़ी स्वदेशी उपलब्धि है। अब भारत दुनिया के उन 5 देशों की सूची में आ गया है जिनके पास ये सामर्थ्य है।'
उद्योग और निवेश को देना है बढ़ावा- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा है कि, ''भारत में आज एक जीबी वायरलेस डेटा की कीमत एक कप चाय से भी कम है। मैं चाय का उदाहरण देने का आदी हूं। लेकिन उपयोगकर्ता डेटा खपत के मामले में, हम दुनिया के अग्रणी देशों में से एक बन चुके हैं। इसका मतलब है कि भारत में डिजिटल कनेक्टिविटी अब एक विशेषाधिकार नहीं रह गई है। अब ये एक भारतीय जीवन का हिस्सा बन गया है। उद्योग और निवेश को बढ़ावा देने की मानसिकता में भी भारत अग्रणी है। भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सरकार का स्वागतयोग्य दृष्टिकोण और व्यापार में आसानी की नीतियां, इन सभी ने भारत को एक निवेश-अनुकूल देश के रूप में स्थापित किया है, इसलिए, मैं पूरे विश्वास के साथ कहता हूं कि भारत में निवेश, नवाचार और निर्माण के लिए यह सबसे अच्छा समय है।''
Created On :   8 Oct 2025 1:10 PM IST