दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सीएम आवास में जनसेवा केंद्र का किया उद्घाटन

- पुराने मुख्यमंत्री तो शीशमहल बनाते थे और घर में घुसने नहीं देते-सिरसा
- आने वाले समय में दिल्ली की जनता की समस्याओं का समाधान इसी आवास से होगा-एलजी
- सरकार का विजन है जन-जन तक पहुंचना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री आवास पर नए कैंप कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके लिए दिल्ली एलजी समेत गुप्ता सरकार में शामिल कई मंत्रियों और बीजेपी नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी। दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने इसे लेकर कहा आने वाले समय में दिल्ली की जनता की समस्याओं और उनकी तकलीफ का समाधान इसी आवास से होगा।
दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास में जनसेवा केंद्र के उद्घाटन पर कहा, "मैं आज दिल्ली की मुख्यमंत्री को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देना चाहता हूं। यह मुख्यमंत्री की इस सोच को दिखाता है कि वे जनता के प्रति, जनता की समस्याओं के प्रति कितनी गंभीर हैं। यह एक साधारण सा आवास है, जिसे कार्यालय में बदला गया है।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष वीजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास में जनसेवा केंद्र के उद्घाटन पर कहा, "बहुत ही खुशी की बात है। मुख्यमंत्री ने जनता की सुनवाई के लिए जो केंद्र तैयार किया उसका आज उद्घाटन है... मेरी ओर से उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।
दिल्ली सरकार में मंत्री मजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्ली मुख्यमंत्री आवास में जनसेवा सदन के उद्घाटन पर कहा पुराने मुख्यमंत्री तो शीशमहल बनाते थे और घर में घुसने नहीं देते थे लेकिन हमारी मुख्यमंत्री ने जनसेवा केंद्र का उद्घाटन किया है। आम व्यक्ति मुख्यमंत्री आवास में आकर अपना कार्य करवा सके, इस उद्देश्य से मुख्यमंत्री जनसेवा केंद्र को बनाया गया है। यही इस सरकार का विजन है कि जन-जन तक पहुंचना और जन-जन की पहुंच हम तक हो सके ऐसी व्यवस्था बनाना।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री जनसेवा सदन के उद्घाटन पर कहा मैं बार-बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को धन्यवाद देना चाहूंगा कि मुख्यममंत्री आवास अब जनसेवा सदन के रूप में जाना जाएगा। इस सोच और भाव के लिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं। भाजपा के सभी प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों का आवास जनसेवा का केंद्र ही है। दिल्ली को विश्वास है कि अब जो सेवा कार्य चल पड़ा है वह जारी रहेगा। दोनों स्थितियों में 360 डिग्री का अंतर है। एक 'शीशमहल' था जहां कोई कैमरा वर्जित था और यह जनसेवा सदन है।
Created On :   4 July 2025 3:56 PM IST