- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- पुणे में दो सड़क हादसे, दो युवकों...
Pune City News: पुणे में दो सड़क हादसे, दो युवकों की मौत

भास्कर न्यूज, पुणे। शहर में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना बिबवेवाड़ी इलाके में हुई, जबकि दूसरी दुर्घटना हडपसर के भेकराईनगर क्षेत्र में सामने आई। दोनों मामलों में संबंधित पुलिस थानों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसों के बाद से दोनों वाहन चालक फरार बताए जा रहे हैं।
सड़क पार करते समय मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार, बिबवेवाड़ी निवासी नितीन वसंत कांबले (निवासी भीमदीप वसाहत) 16 फरवरी की सुबह करीब 11 बजे स्वामी विवेकानंद रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नितीन गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नितीन को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस मामले में मृतक के भाई सचिन कांबले (45) ने बिबवेवाड़ी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की जान गई
दूसरी घटना फुरसुंगी क्षेत्र में हडपसर-सासवड रोड पर हुई। शिवम चंद्रकांत माने (23), निवासी गोविंदनगर, वाखरी विसावा, पंढरपुर (जिला सोलापुर) बुधवार 18 फरवरी को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बाइक से जा रहे थे। भेकराईनगर के शिवशक्ति चौक पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में शिवम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में उनके भाई शुभम (25) ने फुरसुंगी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस उपनिरीक्षक धुमाल मामले की जांच कर रहे हैं। फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है। लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं से शहरवासियों में चिंता का माहौल है।
Created On :   19 Feb 2026 3:15 PM IST












