पंडवानी गायिका डॉ तीजन बाई का निधन: पीएम मोदी ने शोक व्यक्त किया, कहा उनका जाना कला एवं संस्कृति जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति

पीएम मोदी ने शोक व्यक्त किया, कहा उनका जाना कला एवं संस्कृति जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा पंडवानी गायिका पद्मश्री और पद्म विभूषण से सम्मानित डॉ. तीजन बाई का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा,

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मशहूर पंडवानी गायिका तीजन बाई के निधन पर शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की इस लोक कला को अपनी भव्य प्रस्तुति से दुनियाभर में एक विशिष्ट पहचान दिलाई। उनका जाना कला एवं संस्कृति जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने AIIMS रायपुर पहुंचकर प्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित डॉ. तीजन बाई के निधन पर शोक व्यक्त किया और अंतिम श्रद्धांजलि दी। सीएम ने शोक संतप्त परिवार से भी मुलाकात की। सीएम साय ने कहा उन्होंने पूरे देश और दुनिया में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया था। छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री ने मीडिया के सामने ये भी कहा डॉ तीजन बाई हम लोगों के बीच नहीं रहीं। वे विख्यात पंडवानी गायिका थीं और पद्मश्री व पद्म विभूषण जैसे सम्मानों से सम्मानित थीं, हम उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और प्रभु से प्रार्थना है कि उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें, तीजन बाई छत्तीसगढ़ का सम्मान और गौरव थीं इसलिए उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा।

छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री केदार कश्यप ने पंडवानी गायिका पद्मश्री और पद्म विभूषण से सम्मानित डॉ. तीजन बाई के निधन पर कहा ये बहुत ही दुखद समाचार है, मुख्यमंत्री ने भी गहन शोक व्यक्त किया है। उनकी क्षति अपूरणीय है। हम चाहेंगे कि प्रभु उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिवार के लोगों को इस दुख की बेला को सहने की शक्ति प्रदान करें, उनका जाना हम सभी के लिए बहुत दुख का विषय है और हम अपनी ओर से विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

Created On :   5 July 2026 11:32 AM IST

Tags

Next Story