Maharashtra News: कोयता गैंग सहित ड्रग माफियाओं पर करें सख्त कार्रवाई, उपमुख्यमंत्री और जिले की पालक मंत्री सुनेत्रा पवार के पुलिस अफसरों से कहा

डिजिटल डेस्क, पुणे। शिवाजीनगर कोर्ट परिसर में हुई जानलेवा हमले की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए पुलिस को केवल घटना घटित होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय प्रतिबंधात्मक उपायों पर अधिक जोर देना चाहिए। आपराधिक गतिविधियों की गोपनीय जानकारी एकत्र करने वाले तंत्र को अधिक सक्षम और सक्रिय किया जाए। अवैध हथियार रखने वालों, कोयता गैंग और ड्रग माफियाओं पर सख्त कार्रवाई कर उन पर अंकुश लगाया जाए।
यह भी पढ़े -मां का जीवन प्रमाणपत्र ऑनलाइन बनवाने के चक्कर में कॉन्ट्रैक्टर के खाते से 10 लाख रुपए उड़ाए
ये निर्देश उपमुख्यमंत्री और पुणे जिले की पालक मंत्री सुनेत्रा पवार ने पुलिस अधिकारीयों को दिए। शुक्रवार को शासकीय विश्रामगृह में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पुणे शहर, पिंपरी-चिंचवड़ और पुणे ग्रामीण पुलिस विभाग के कामकाज और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। सुनेत्रा पवार ने कहा कि शहर और जिले का ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक महत्व है। पुणे को विद्या का मायका और महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में जाना जाता है। शहर की शांति और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस बल की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसलिए सावधानी बरती जाए कि किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो। आपराधिक प्रवृत्तियों का कोई भी कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़े -मुंबई में 8 नए इमरजेंसी चिकित्सा केंद्र खुलेंगे, हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक के मरीजों को समय पर इलाज देने की तैयारी
अपराधियों में होगा पुलिस का खौफ
उन्होंने कहा कि शहर के सभी सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देकर नियमित जांच की जाए। यातायात व्यवस्था को अधिक अनुशासित और सक्षम बनाने के लिए आवश्यक उपाय किए जाएं। पवार ने यह भी सुझाव दिया कि पुलिस विभाग को कार्यक्षमता और प्रदर्शन बेहतर बनाने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि शिवाजीनगर न्यायालय परिसर की घटना के आधार पर पूरे पुलिस बल की कार्यक्षमता पर प्रश्न चिह्न लगाना उचित नहीं होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हुई घटना भले ही दुर्भाग्यपूर्ण हो, लेकिन पुलिस बल निश्चित रूप से कामकाज में सुधार करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी समय में अपराधियों में पुलिस बल का खौफ और दबदबा निश्चित रूप से दिखाई देगा। चर्चा में शहर के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, पिंपरी-चिंचवड़ के पुलिस आयुक्त विनयकुमार चौबे और पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीपकुमार गिल सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
Created On :  

