नागपुर से निवेशकों से 33.50 लाख की धोखाधड़ी

नागपुर से निवेशकों से 33.50 लाख की धोखाधड़ी
मामला दर्ज नागपुर से निवेशकों से 33.50 लाख की धोखाधड़ी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। एक डॉक्टर और महिला पर 33 लाख 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला पांचपावली थाने में दर्ज किया गया है। आरोपी डॉ. सुमेध सूर्यभान गोरघाटे और पुष्पा सुनील मोरघड़े है। दोनों ने साफ्टेवेयर कंपनी शुरू कर उसमें निवेश करने के नाम पर चार लोगों से उक्त रकम की ठगी की। आरोपियों ने विश्वास हासिल करने के लिए शुरूअात में निवेशकों को कुछ माह ब्याज दिया, जब निवेशकों ने बड़ी रकम निवेश की, तब ब्याज देना बंद कर दिया। निवेशकों ने थाने में शिकायत की। करीब 1 साल तक मामले की छानबीन के बाद अब पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। 

1 लाख के निवेश पर प्रतिमाह 18% ब्याज का दिया लालच  
पुलिस के अनुसार ईश्वर कोलते ले-आउट, गोधनी रेलवे निवासी देवकू सोमकुंवर (47) ने पांचपावली थाने में ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने डॉ. सुमेध गोरघाटे (35), प्लॉट नं.-17, आदर्श नगर, खड़गांव रोड, वाड़ी और पुष्पा मोरघड़े (47), प्लॉट. नं.-189, वैशाली नगर, पांचपावली निवासी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता देवकु ने बताया कि इन दोनों आरोपियों ने उनकी तरह कई निवेशकों के साथ ठगी की है। दोनों ने मार्च 2020 से मार्च 2021 के बीच ठगी की। दोनों मिलीभगत कर वैशाली नगर और आईटी पार्क, अंबाझरी रोड पर असित सोलुशन्स प्रा. लिमिटेड नामक सॉफ्टवेयर कंपनी का कार्यालय शुरू किया और कंपनी में एक लाख रुपए निवेश करने पर हर माह 18% ब्याज देने का लालच लोगों को दिया। 

शिकायतकर्ता ने किया 14.50 लाख का निवेश 
आरोपियों ने शुरूआत में कई लोगों को ब्याज की रकम दी। इस लालच में आकर देवकू ने करीब 14 लाख 50 हजार रुपए का निवेश कर दिया, लेकिन आरोपियों ने देवकू को कोई ब्याज नहीं दिया। देवकु और अन्य तीन निवेशकों ने मिलाकर कुल करीब 33.50 लाख रुपए का निवेश कंपनी में किया। चारों को कंपनी ने कोई ब्याज नहीं देने पर उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो वह टालमटोल करने लगे। तब आरोपी डॉ. सुमेध गोरघाटे और पुष्पा मोरघड़े के खिलाफ देवकू व अन्य तीनों निवेशकों ने पांचपावली थाने में शिकायत की। थानेदार संजय मेंढे के मार्गदर्शन में मामले की छानबीन की गई। अंत में वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर दोनों आरोपियों पर धारा 420, 406, 409, 34, सहधारा 3 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
 

Created On :   25 July 2022 12:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story