मनपा में 4 हजार पद खाली, भर्ती पर रोक

डिजिटल डेस्क, नागपुर । कोरोना महामारी के कारण मनपा में होनेवाली भर्ती पर रोक लगा दी गई है, जबकि करीब 4 हजार पद खाली हैं। राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग ने इससे संबंधित आदेश जारी किया है।
करीब 11 हजार अधिकारी-कर्मचारी हैं कार्यरत
मनपा में फिलहाल 11 हजार से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी कार्यरत हैं। कोरोनाकाल में मनपा का काम बढ़ गया है। इसके लिए मनुष्य बल की जरूरत है, लेकिन राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर नई भर्ती पर रोक लगा दी है। इसका कारण सरकार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होना बताया गया है। अब मनपा में रिक्त पदों पर भर्ती के लिए कुछ समय इंतजार करना पड़ेगा।
खर्च में कटौती का प्रयास
पहले मनपा का आस्थापना खर्च 60 फीसदी से ज्यादा था। मनपा प्रशासन ने खर्चों में कटौती कर इसे 50 फीसदी तक लाया है। मनपा की जो आय होती है, उसमें से 50 फीसदी राशि आस्थापना पर खर्च हो रही है। मनपा प्रशासन इस खर्च को 35 फीसदी तक लाने का प्रयास कर रहा है।
रोजगार के अवसर खत्म हो रहे
नई आर्थिक नीति में रोजगार के अवसर खत्म हो रहे हैं। यह इसी का प्रमाण है। मनपा में कर्मचारियों की जबरदस्त कमी है। नई भर्ती नहीं करने से युवाओं को रोजगार नहीं मिले। स्थानीय स्वराज संस्था को कमजोर किया जा रहा है। निजीकरण को बढ़ावा देने की कोशिश हो रही है। इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। -जम्मू आनंद, अध्यक्ष नागपुर म्यूनिसिपल एम्प्लाइज यूनियन
आपात सेवा विभाग को रहेगी छूट
मनपा में करीब 4 हजार पद खाली हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने नई भर्ती पर रोक लगा दी है। आपात सेवा को इसमें छूट मिली है। मनपा का दमकल विभाग आपात सेवा में आता है। यहां भर्ती के लिए सरकार से विशेष अनुमति लेनी होगी। भर्ती पर रोक लगाने का आदेश प्राप्त हुआ है। -महेश धामेचा, सहायक आयुक्त सामान्य प्रशासन विभाग
Created On :   24 Aug 2020 4:13 PM IST