- Home
- /
- डॉ. अनिल बोंडे के बाद अब भारतीय की...
डॉ. अनिल बोंडे के बाद अब भारतीय की लगी लॉटरी

डिजिटल डेस्क,अमरावती। भाजपा ने विधान परिषद उम्मीदवारों को सूची घोषित कर दी जिसमें अमरावती से भाजपा नेता श्रीकांत भारतीय का नाम भी शामिल है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता से शुरुआत कर संगठन के बाद भाजपा में संगठन और फिर पार्टी में काम कर विधान परिषद की उम्मीदवारी तक का सफर तय किया है।
हाल ही में डॉ. अनिल बोंडे को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया गया था जिससे अमरावती का भाजपा में कद बढ़ता दिखाई दे रहा है। भाजपा द्वारा श्रीकांत भारतीय को विधान परिषद की उम्मीदवार बनाने के बाद से भाजपा में खुशी का माहौल है। समय-समय पर उनका नाम आगे आया। संगठन में काम करने की वजह से पार्टी और संगठन में तालमेल का उन्हें अच्छा अनुभव है। भाजपा जिलाध्यक्ष निवेदिता चौधरी का कहना है कि उनका नाम पहले ही घोषित हो जाना चाहिए था। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी है, हमें उनके अनुभव का लाभ मिलेगा।
आतिशबाजी कर बांटी मिठाई
विधान परिषद में उम्मीदवारी घोषित होने के बाद बुधवार की शाम राजापेठ स्थित भाजपा के कार्यालय पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। नारे बाजी कर फटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटीं। इस मौके पर प्रमुख रूप से श्रीकांत भारतीय के भाई तुषार भारतीय ने डांस किया। इसके अलावा उप महापौर कुसुम साहू, महिला मोर्चा अध्यक्ष लता देशमुख, ललित समदूरकर, भाग्यश्री देशमुख, प्रवीण तायडे आदि उपस्थित थे।
यहां से हुई शुरुआत
भाजपा नेता श्रीकांत ने एम.कॉम की पढ़ाई की है। किसान आंदोलन के नेतृत्व के बाद वर्ष 1985 में एबीवीपी के कार्यकर्ता के रूप में जुड़े, 5 वर्ष पूर्णकालीन रहने के बाद विदर्भ प्रदेश संगठन मंत्री रहे। प्राध्यापक और पत्रकार के रूप में भी कुछ समय काम किया। 1994 में भाजपा के संगठन से जुड़े, नागपुर शहर और विभाग संगठन मंत्री रहे। युवा मोर्चा प्रदेश संगठन मंत्री, पुणे विभाग के संगठन मंत्री रहे। मुख्यमंत्री के विशेष कार्य अधिकारी रहे। 2020 में भाजपा के प्रदेश महामंत्री बने।
Created On :   9 Jun 2022 2:09 PM IST