गोमूत्र छिड़ककर भाजपा ने दिया  मनुस्मृति मानसिकता का परिचय

BJP introduced Manusmriti mentality by sprinkling cow urine
गोमूत्र छिड़ककर भाजपा ने दिया  मनुस्मृति मानसिकता का परिचय
नागपुर गोमूत्र छिड़ककर भाजपा ने दिया  मनुस्मृति मानसिकता का परिचय

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  पूर्व नागपुर के दर्शन कॉलोनी मैदान पर महाविकास आघाड़ी की वज्रमूठ सभा के बाद भी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सभा के बाद भाजपा व उनके समर्थक कार्यकर्ताओं ने दर्शन कॉलोनी मैदान पर गोमूत्र छिड़ककर उसका शुद्धिकरण किया था। भाजपा की इस हरकत के बाद मंगलवार को कांग्रेस ने केडीके कॉलेज स्थित हनुमान मंदिर में  ‘सद्बुद्धि यज्ञ’ कर पलटवार किया। 

कांग्रेस नेता विजय वनवे, हरिश रामटेके के नेतृत्व में किए गए ‘सद्बुद्धि यज्ञ’ में भाजपा पर मनुस्मृति जैसी मानसिकता का परिचय देने का आरोप लगाया। विजय वनवे ने कहा कि, सभा में नागपुर विभाग से किसान वर्ग, बेरोजगार बड़े पैमाने पर आए थे। भाजपा अभी भी ओबीसी, एससी, एसटी को अस्पृश्य और शूद्र मानती है, इसलिए भाजपा को लग रहा है कि, मैदान अपवित्र हो गया है। ऐसे में उसने गोमूत्र छिड़ककर मैदान का शुद्धिकरण किया। भाजपा अभी भी मनुस्मृति को भारतीय संविधान मानकर चल रही है। इसी मानसिकता के कारण उसने मैदान पर गोमूत्र छिड़ककर अपनी अघोरी, अंधविश्वासी कृत्य का परिचय देकर भारतीय संविधान द्वारा दिए गए मौलिक अधिकार अमान्य किए हैं। मंगलवार को दर्शन कॉलोनी मैदान पर कांग्रेस ने सद्बुद्धि यज्ञ कर विकृत बुद्धि को सद्बुद्धि देने की मनोकामना की। इस अवसर पर दिलीप तुपकर, महेंद्र कटाने, महेश ठाकरे, चंदू वनवे, आशीष बड़नखे, भास्कर कायरकर, राजू अदमाने, प्रशांत तिड़के, मोहन विश्वकर्मा, प्रशांत ढोक, सतीश भुरे, भैया शरणागत, राजेश बंदबुचे, प्रवीण बुर्ले, सुभाष गायकवाड़, हरिभाऊ बनाइत, प्रदीप धोटे, बाला साखरकर, मनोज राणे आदि उपस्थित थे। 

 खोपड़े पर शीर्ष नेतृत्व नाराज  
महाविकास आघाड़ी की वज्रमूठ सभा को लेकर भाजपा विधायक कृष्णा खोपड़े और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने लगातार विरोध करके इसे बेवजह का विवाद बनाया। शहर और प्रदेश नेतृत्व लगातार कह रहे थे कि, पार्टी का सभा को विरोध नहीं है, लेकिन कृष्णा खोपड़े विरोध में अड़े रहे। जिसके बाद कांग्रेस व महाविकास आघाड़ी के अन्य घटक दलों ने इसे प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया। फलत: वज्रमूठ में बड़े पैमाने पर लोग उमड़े और सभा सफल रही। ऐसे में कृष्णा खोपड़े के खिलाफ प्रदेश नेतृत्व में नाराजगी होने की चर्चा है। प्रदेश नेतृत्व की ओर से खोपड़े तक अपना संदेश भी पहुंचाए जाने की जानकारी सामने आ रही है। 
 

Created On :   19 April 2023 7:33 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story