भाजपा की विकास यात्रा नहीं निकास यात्रा है: कमलनाथ

BJPs development journey is not exit journey: Kamal Nath
भाजपा की विकास यात्रा नहीं निकास यात्रा है: कमलनाथ
पन्ना भाजपा की विकास यात्रा नहीं निकास यात्रा है: कमलनाथ

डिजिटल डेस्क पन्ना। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने आज पन्ना जिले के अजयगढ़ में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास यात्रा नहीं निकाल रही बल्कि यह उनकी निकास यात्रा है। मध्यप्रदेश में हर वर्ग के लोग परेशान हैं। नौजवानों के भविष्य को इन्होंने सत्यानाश कर दिया है। अब भाजपा के पास सिर्फ , पुलिस, पैसा और प्रशासन बचा है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ आज अजयगढ़ पहुंचे और आम सभा से पूर्व पत्रकार वार्ता को भी संबोधित किया। उन्होंने पन्ना को अवैध उत्खनन की राजधानी बताया और कहा कि यह कौन कर रहा है ये आपको सोचना है। कमलनाथ ने मंच से कलेक्टर पन्ना को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपनी गिनती गिनना शुरु कर दें कि वह कितने महीने रहेंगे। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि यहां के कलेक्टर यह घोषणा करते फिरते हैं कि कितने साल भाजपा रहेगी। आपने कहा कि कमलनाथ की चक्की देर से चलती है लेकिन बहुत बारीक पीसती है। आपने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को चुनौतीपूर्ण लहजे में कहा कि मंच पर खड़े हो जाइए मैं अपना हिसाब देता हूं, आप अपना हिसाब दीजिए। कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह मुंह खूब चला लेते हैं और अच्छी एक्टिंग भी करते हैं। लेकिन मुंह चलाने और प्रदेश चलाने में बहुत अंतर है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की पहचान विश्वास की रही है लेकिन अब यह विश्वास उठ चुका है। आपने कहा कि हमें कृषि क्षेत्र में नई क्रांति लानी है किसानों की समस्याओं का निराकरण करना है। पूर्व मुख्यमंत्री ने जनसभा में कहा कि आप लोग कमलनाथ या कांग्रेस का साथ नहीं बल्कि सच्चाई का साथ दें। यदि आपने सच्चाई का साथ दिया तो मध्यप्रदेश का भविष्य सुरक्षित रहेगा। इस दौरान आयोजित पत्रकार वार्ता में कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनाव में अपराधिक छवि वाले नेताओं को टिकिट नहीं देगी।

Created On :   14 Feb 2023 1:31 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story