मेरे साथ चलो, मध्यप्रदेश के अस्पताल में गर्भपात करवा दूंगा

डिजिटल डेस्क, वरूड़(अमरावती)। वरूड़ वरूड़ तहसील के पवनी (सक्राजि) की एक गर्भवती महिला का उपचार स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. चेतन कोल्हटकर के यहां चल रहा था। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. आशीष लोहे ने सोनोग्राफी की जांच की। 9वें महीने में महिला ने एक दूसरे डॉक्टर को दिखाया तो बताया कि गर्भ में बच्चा सही नहीं है। पीड़ित जब वापस डॉ. कोल्हटकर के पास पहुंचे तो उन्होंने कहा कि मेरे साथ चलो, मध्यप्रदेश के अस्पताल में गर्भपात करवा दूंगा। यह शिकायत वरूड़ तहसील के पवनी (सक्राजि) निवासी शुभम ठाकरे ने वरूड़ थाने में दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, डॉ. कोल्हटकर ने आरोप को झूठा बताया है। जबकि डॉ. आशीष लोहे का फोन बंद आ रहा था।
शिकायत के अनुसार वरूड़ तहसील के पवनी (सक्राजि) निवासी 25 वर्षीय महिला गर्भधारण होने के बाद वरूड़ के स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. चेतन कोल्हटकर पास परामर्श के लिए गई। चिकित्सक ने गर्भ में बच्चा सही होने की जानकारी दी। 30 सितंबर 2022, के बाद नवंबर, दिसंबर और मार्च में जांच करवाने गई तो उसे सब ठीक बताया। इसके बाद वह हाल ही में दूसरे डॉक्टर को दिखाने गई तो उसने रेडियोलॉजिस्ट डॉ. आशीष लोहे के पास सोनोग्राफी के लिए भेजा। इस बार सोनोग्राफी की रिपोर्ट में गर्भ में बच्चे को कई सारी समस्याएं बताईं। इसके बाद पीड़ित नागपुर उपचार के लिए पहुंची तो पता चला कि गर्भ में बच्चा सही नहीं है। गर्भवती महिला अपने पति के साथ डॉ. कोल्हटकर के पास पहुंची तो उसने गर्भपात की सलाह दी। पीड़ित ने जब सवाल-जवाब किए तो चिकित्सक ने उसे दोबारा अस्पताल न आने की सलाह दी। साथ ही धमकी दी कि मेरी शिकायत की तो झूठा मामला दर्ज करवाकर फंसा दूंगा। इसके बाद शुभम ठाकरे ने वरूड़ थाने में मामले की विस्तृत आर्थिक धोखाधड़ी की शिकायत की। साथ ही मामले की शिकायत आरोग्य मंत्री, महाराष्ट्र मेडिकल असोसिएशन मुंबई, विधायक, सांसद, विभागीय आयुक्त, जिलाधिकारी, जिला आरोग्य अधिकारी, जिला शल्य चिकित्सक, तहसील स्वास्थ्य अधिकारी से भी की है।
Created On :   8 April 2023 7:08 PM IST