कंटेंट ने सोशल मीडिया पर दिलाई पहचान

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सोशल मीडिया का इस्तेमाल आज के समय में अगर सही रूप से किया जाए, तो वो भी आपको मालामाल कर सकता है। बस जरूरत है आपका कंटेंट दमदार होना चाहिए। यह विचार दैनिक भास्कर कार्यालय में ‘सोशल मीडिया का इस्तेमाल दिन-प्रतिदिन कितना उपयोगी है’ विषय पर आयोजित परिचर्चा सत्र में कंटेंट क्रिएटर्स ने व्यक्त किए। चर्चा में शहर के जाने-माने फूड ब्लॉगर्स, फैशन और लाइफ स्टाइल कंटेंट क्रिएटर्स शामिल हुए। इस दौरान क्रिएटर्स ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान बहुत समय मिला, जिसमें उन्होंने अपने अंदर की प्रतिभा को जाना और अपनी अनोखी पहचान बनाई। आज वे सोशल मीडिया पर ‘इंफ्लुएंसर्स' के तौर पर जाने जाते हैं।
एक्स-फैक्टर पता हो
लॉकडाउन के समय मंडला आर्ट के बारे में सोशल मीडिया पर पोस्ट करना शुरू किया। आज विदेश से भी काम मिलता है। हमारा कंटेंट कैसे अलग है इस पर हमें काम करना पड़ता है। -दीप्ति गोयल
लोगों ने पसंद किया
कम उम्र में ही विवाह हो गया। जल्दी मां भी बन गई। उसके बाद अपनी बेटी के साथ ही पोस्ट डालना शुरू किया, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया। लोगों के पसंद पर ही कंटेंट डालती हूं। -अनिशा अग्रवाल
सॉफ्ट स्किल्स जरूरी
लॉकडाउन के समय से सोशल मीडिया पर लोगों को सॉफ्ट स्किल्स जैसे सेल्फ ग्रोथ, हेल्थ इशू पर कंटेंट दे रही हूं। जल्द ही बच्चों पर भी एक किताब लांच करने वाली हूं, जिसमें बच्चों के बारे में लिखा होगा। -प्रियंका जैन
कला को मिली पहचान
फूड और लाइफ स्टाइल पर कंटेंट पोस्ट करती हूं। कोरोना के समय रेस्टोरेंट बंद होने से होटल जैसा खाना घर पर बनाती थी, जो लोगों को पसंद आया। कई टीवी चैनल्स ने अप्रोच किया। सोशल मीडिया ने मेरी कला और प्रतिभा मिश्रित करने का काम किया है। -दिव्या मोहता
पोस्ट करना ही सब कुछ नहीं
स्कूल टाइम से ही क्रिएटिव रही हूं। मुंबई में पढ़ने के दौरान नई जगहों पर घूमने का मौका मिला। फोटोग्राफी को एक्सप्लोर किया। पोस्ट करना ही सब कुछ नहीं है, कंटेंट की समझ होनी चाहिए। मैं फूड पर कंटेंट पोस्ट करती आई हूं। फैशन के क्षेत्र में भी सीख रही हूं। -मानसी राठी
हर चीज मिक्स न करें
मैंने इस क्षेत्र में आने के लिए कभी नहीं सोचा था। फैशन शो में सेलेक्ट होने के बाद काफी ब्रांड्स ने सम्पर्क किया। धीरे-धीरे सिलसिला आगे बढ़ता रहा। आज हर कोई खाने-पीने, फैशन, घूमने पर कंटेंट पोस्ट कर रहा है। मेरा मानना है कि अगर आप फैशन पर पोस्ट कर रहे हैं तो हर चीज मिक्स मत करें। -राज देबगुप्ता
चौपाटी से ब्लॉगिंग शुरू की
-4 साल पहले नागपुर चौपाटी से ब्लॉगिंग की शुरुआत की। लोगों ने पसंद किया। टॉप 10 क्रिएटर लिस्ट में नाम आने लगा। मैं वर्कशॉप लेती हूं। जहां तक ब्लॉगर बनने का सवाल है, तो मिलता-जुलता कंटेंट होना चाहिए, जिसका ट्रेंड चल रहा है। लोग क्या देखना पसंद कर रहे हैं, इसकी समझ हो, तो ब्लॉगर बन सकते हैं। -रचिका आसटकर
मार्गदर्शन करती हूं
-5 साल से छोटे बच्चों पर कंटेंट पोस्ट करती हूं। अब लोग अपने-अपने सवाल भी पूछते हैं। पैरेंटिंग में उन्हें क्या समस्याएं होती हैं, इस पर उनका मार्गदर्शन करती हूं। -तस्नीम हुसैन शाकिर
Created On :   23 March 2023 1:04 PM IST












