- Home
- /
- संविदा कर्मियों को मिला कांग्रेस का...
संविदा कर्मियों को मिला कांग्रेस का साथ, अरूण यादव ने कहा सरकार बनते ही करेंगे नियमित

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल में नियमितीकरण और संविदा कर्मचारियों की बहाली की मांग को लेकर बीते 13 दिनों से धरना दे रहे संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को अब कांग्रेस का भी समर्थन मिल गया है। मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, सहित कांग्रेस नेताओं ने संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों से मुलाकात की और उनकी मांगों को सरकार बनने के बाद जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है बीते दिनों स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी के सामने प्रदर्शन करने पर कई संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को जेल भी भेजा गया था। वहीं संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का कहना है कि, मांगों का जब तक निराकरण नहीं किया जाता है, तब तक अनिश्चितकालीन काम बंद हड़ताल जारी रखेंगे।
मंगलवार को अरुण यादव, पीसी शर्मा, राजकुमार पटेल, मीडिया विभाग की उपाध्यक्ष संगीता शर्मा सहित कांग्रेस के कई नेताओं ने हड़ताली संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों से जेपी अस्पताल परिसर स्थित धरना स्थल पर पहुंचकर मुलाकात की और संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की मांगों को कांग्रेस के वचन पत्र में शामिल करने के साथ ही सरकार बनने पर जल्द उनकी मांगों के निराकरण का आश्वासन दिया।
कांग्रेस सरकार में उनकी मांगों को होगा निराकरण
इस दौरान मीडिया से चर्चा में अरुण यादव ने कहा कि, संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी अपनी मांगों को सरकार के सामने रख रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों को नहीं मान रही है। स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात करना चाही तो इन्हें जेल भेज दिया। उन्होंने कहा जब कांग्रेस की 15 माह की सरकार में कर्मचारियों ने आंदोलन किया तो उस समय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदर्शनकारियों को कहा था कि भाजपा की सरकार बनेगी तो दूसरे ही दिन आपकी हर समस्या का निराकरण किया जायेगा साथ ही संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जायेगा। यादव ने कहा शिवराज अब जबकि प्रदेश के मुखिया है तो संविदाकर्मियों की मांगों पर निर्णय नहीं लेते क्या उनका भाषण केवल राजनीतिक था। इसका मतलब भाजपा की करनी और कथनी में फर्क है। जनता से झूठे वादे करना इनका शगल बना चुका है।
Created On :   27 Dec 2022 9:42 PM IST