कपास तथा सोयाबीन उत्पादकों को अच्छे दाम का इंतजार

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर। जिले की वरोरा, भद्रावती और चिमूर तहसील की खरीफ की प्रमुख फसल कपास, सोयाबीन के अलावा तुअर, धान और चना खरीदी शुरू हो चुकी है। 23 जनवरी को कपास को क्रमश: 8,271 और 5,225 रुपए का अधिकतम और न्यूनतम सोयाबीन को 7,550 और 4,000 रुपए रुपए प्रति क्विंटल दाम मिला है। इसके अलावा मंडी में तुअर, धान और चना की आवक शुरू है किंतु अब भी किसानों को बेहतर दाम का इंतजार है।
जिले की प्रमुख उक्त तहसीलों में कपास और सोयाबीन का उत्पादन किया जाता है इसलिए वरोरा तहसील में कपास और सोयाबीन खरीदी की मंडी और बाजार समिति अन्यों की तुलना में जल्दी शुरू हो जाती है। सोमवार को तुअर को अधिकतम दाम राजीव गांधी मार्केट वरोरा में 6850, चना को 4225 और धान को अधिकतम 2400 रुपए प्रति क्विंटल का दाम मिला है। इसके अलावा तुअर को 5000, चना को 3000 और धान को न्यूनतम 2200 रुपए क्विंटल का दाम मिला है।
किसानों को आज भी कृषि उपज के बेहतर दाम का इंतजार है इसलिए बाजार मंडी में आवक कम है। इस बार कपास और सोयाबीन की खरीदी 10 अक्टूबर 2022 से शुरू की गई। पहले दिन कपास को और सोयाबीन को क्रमश: न्यूनतम और अधिकतम दाम 7400-8001 और 3050-4600 रुपए प्रति क्विंटल थे। जो 18 नवंबर को बढ़कर 8800-9504 और 4500-5700 तक पहुंच गए थे। बाद में दाम में गिरावट आने से मंडी में आवक कम है। वर्ष 2022 में जनवरी से मार्च के बीच किसानों 10,000 प्रति क्विंटल से अधिक के दाम मिले थे और कपास के दाम वरोरा बाजार मंडी में 15,051 रुपए प्रति क्विंटल तक बढ़े थे। इसलिए अनेक किसानों ने मुख्य रूप से अपना कपास और सोयाबीन बचाकर रखा है। जो दाम बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं।
Created On :   24 Jan 2023 5:40 PM IST