मेडिकल टेस्ट के नाम पर  साइबर ठगों ने महिला डाक्टर को लगाया चूना

Cyber thugs cheated female doctor in the name of medical test
मेडिकल टेस्ट के नाम पर  साइबर ठगों ने महिला डाक्टर को लगाया चूना
भर्ती के लिए उम्मीदवारों की जांच मेडिकल टेस्ट के नाम पर  साइबर ठगों ने महिला डाक्टर को लगाया चूना

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय सेना और अर्धसैनिक बलों से जुड़े लोगों पर जनता का खूब भरोसा होता है लेकिन इसी का इस्तेमाल साइबर ठग लोगों को चूना लगाने के लिए कर रहे हैं। मुंबई की एक महिला डॉक्टर और ठाणे के एक ट्रांसपोर्टर को साइबर ठग ने खुद को सेना का अधिकारी बताकर काम देने के बहाने चूना लगा दिया। डॉक्टर ने मुंबई के वाकोला जबकि ट्रांसपोर्टर ने ठाणे के चितलसर पुलिस स्टेशन में मामले की शिकायत दर्ज कराई है।  पहले मामले में ठगी का शिकार हुई महिला डॉक्टर मुंबई के सांताक्रूज इलाके में रहतीं हैं और यहीं उनका क्लीनिक है। महिला ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि उन्हें अपना नाम चंद्रप्रकाश बताने वाले एक व्यक्ति ने फोन किया और दावा किया कि वह सीआई एसएफ का अधिकारी है। उसने डॉक्टर से कहा कि सेना की भर्ती प्रक्रिया में शामिल 97 लड़कियों की शारीरिक जांच की जानी है। एक दिन में 10 लड़की की जांच करनी होगी और इसके लिए उन्हें रोजाना भुगतान किया जाएगा। इसके बाद अपना नाम सत्यप्रकाश और खुद को सेना का अधिकारी बताने वाले एक व्यक्ति ने भरोसा जीतने के लिए महिला को वीडियो कॉल किया। इस दौरान वह वर्दी में था। उसने महिला डॉक्टर से कहा कि वे अपने बैंक खाते से जुड़ी जानकारी दे दें जिससे जांच के लिए उन्हें अग्रिम भुगतान किया जा सके। 

बैंक खाते की जानकारी देते ही निकल गए दो लाख  महिला ने जानकारी दे दी लेकिन वह यह देखकर हैरान हो गई कि खाते में पैसे आने के बजाय उसके खाते से दो लाख रुपए निकल गए। ठगी का एहसास होने के बाद महिला ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। वाकोला पुलिस के सीनियर इंस्पेक्टर प्रदीप मोरे ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। दूसरे मामले में ठाणे के डोंबिवली इलाके में रहने वाले एक 60 वर्षीय ट्रासपोर्ट व्यवसायी को एक व्यक्ति ने फोन किया और कहा कि वह सेना का अधिकारी है और सेना की दवाएं मुंबई हवाई अड्डे से हैदराबाद हवाई अड्डे तक ले जानी है इसके लिए कंटेनर चाहिए। इसके बाद आरोपी ने बैंक खाते के वेरीफिकेशन के नाम पर शिकायतकर्ता को 75 हजार रुपए का चूना लगा दिया। ठाणे पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी मालोजी शिंदे ने बताया कि शिकायत के आधार पर चितलसर पुलिस ने आईटी एक्ट की संबंधित धारा के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। 
 

Created On :   7 Feb 2023 7:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story