जीएसटी की मार, नागपुर में घरेलू गैस सिलेंडर 12 रुपए महंगा

GST kills, Domestic Gas Cylinders Cost Rs 12 in Nagpur City
जीएसटी की मार, नागपुर में घरेलू गैस सिलेंडर 12 रुपए महंगा
जीएसटी की मार, नागपुर में घरेलू गैस सिलेंडर 12 रुपए महंगा

डिजिटल डेस्क,नागपुर। वस्तु व सेवा कर (जीएसटी) लगाकर चीजें सस्ता करने का करने के सरकार के दावों की हकीकत सामने आ रही है। जीएसटी लगने से घरेलु गैस सिलेंडर के दाम 12 रुपए बढ़ गए है। पहले सिलेंडर पर 3 फीसदी वेट लगता था, लेकिन अब 5 फीसदी जीएसटी लगाकर सरकार ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है।

केंद्र सरकार ने 1 जुलाई से जीएसटी लागू किया। जीएसटी के दायरे में करीब 9 हजार उत्पाद हैं। इन पर 5 फीसदी से लेकर 28 फीसदी जीएसटी लगाया गया है। नागपुर में 12 लाख 59 हजार घरेलू गैस कनेक्शन हैं। हर सिलेंडर पर औसतन 12 रुपए अतिरिक्त चुकाने पड़ रहे हैं। सिलेंडर की कीमत हर महीने की 1 तारीख को कम ज्यादा होती रहती है। सिलेंडर के दाम 600 से ज्यादा और 850 से कम ही रहे हैं। दाम कम ज्यादा होने के साथ ही उपभोक्ताओं को मिलने वाली सब्सिडी भी कम ज्यादा होती रहती है। जीएसटी लगने से एक घरेलू सिलेंडर पर औसतन 12 रुपए अतिरिक्त देना पड़ रहा है।

व्यावसायिक सिलेंडर हुआ सस्ता
जीएसटी लागू होने के बाद व्यावसायिक सिलेंडर सस्ता हो गया है। इस पर पहले वैट व एक्साइज ड्यूटी मिलाकर 21.5 फीसदी टैक्स लगता था। अब इस पर 18 फीसदी जीएसटी लग रहा है। यानी 3.5 फीसदी टैक्स कम हो गया है। जीएसटी से घरेलू सिलेंडर पर 2 फीसदी टैक्स बढ़ गया और व्यावसायिक सिलेंडर पर 3.5 फीसदी टैक्स कम हो गया है।

एचपीसीएल के वरिष्ठ विभागीय प्रबंधक महेश राम का कहना है कि केंद्र सरकार ने घरेलू सिलेंडर पर 5 फीसदी जीएसटी लगाया है। व्यावसायिक सिलेंडर पर 18 फीसदी जीएसटी लगाया है। घरेलू सिलेंडर पर पहले 3 फीसदी वैट लगता था। व्यावसायिक सिलेंडर पर 21.5 फीसदी टैक्स लगता था। सिलेंडर के दाम हर महीने कम ज्यादा होते रहते हैं।

उधर एक राष्ट्र एक कर के दायरे से पेट्रोल, डीजल को बाहर रखा गया है। पेट्रोल, डीजल पर करीब 57 फीसदी टैक्स लग रहा है। जीएसटी में अधिकतम टैक्स 28 फीसदी है। अगर पेट्रोल, डीजल को जीएसटी के दायरे में लाया गया तो लोगों को 29 फीसदी कम कीमत चुकानी पड़ेगी। विदर्भ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हरविंदर सिंह भाटिया ने कहा कि अन्य राज्यों की तुलना में महाराष्ट्र में पेट्रोल, डीजल महंगा है। सरकार को इसे भी जीएसटी के दायरे में लाकर लोगों को राहत देनी चाहिए। एक राष्ट्र एक कर का फार्मूला यहां भी लागू होना चाहिए।

 

Created On :   19 July 2017 1:36 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story