4 हजार करोड़ से 45 स्टेशनों में मिलेगी बेहतरीन सुविधाएं

Excellent facilities will be available in 45 stations from 4 thousand crores
 4 हजार करोड़ से 45 स्टेशनों में मिलेगी बेहतरीन सुविधाएं
राहत  4 हजार करोड़ से 45 स्टेशनों में मिलेगी बेहतरीन सुविधाएं

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  केंद्रीय बजट में मध्य रेलवे व दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल को 4 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि मिलने वाली है। इसमें मध्य रेलवे के हिस्से 3 हजार करोड़ और दपूम रेलवे के हिस्से 1 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि मंजूर की गई है। इससे विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे। इसमें दोनों मंडलों के कुल 45 रेलवे स्टेशनों का ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत कायाकल्प होगा। इसके अलावा जंगली क्षेत्रों में वन्यजीवों को सुरक्षित रखने के लिए एलिवेटेड रेल मार्ग बनाए जाएंगे।

यात्री सुविधाओं पर जोर
रेल मंत्रालय ने पूरे भारत में रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए नई ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ शुरू की है। पूरे भारत में 1200 से ज्यादा स्टेशन इसमें शामिल हैं। इसमें मध्य रेलवे नागपुर मंडल व दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल की बात करें, तो कुल 45 स्टेशनों को संवारा जाएगा। इसमें नागपुर जिले के इतवारी, कामठी, भंडारा रोड, तुमसर रोड, भांदक, वणी, बुटीबोरी, खापरी, बोरखेड़ी आदि शामिल हैं। इन स्टेशनों का सौंदर्यीकरण कर आकर्षक प्रवेश द्वार, सुविधा युक्त वेंटिग रूम, प्लेटफार्म, रिटायरिंग रूम आदि की व्यवस्था की जाएगी। दिव्यांगों के साथ ही सामान्य यात्रियों के लिए स्टेशन पर, शुद्ध पेयजल, आरामदायक कुर्सियां, शौचालय आदि की सुविधाएं दी जाएंगी।

मध्य रेलवे के हिस्से 3 हजार करोड़ : बजट में मध्य रेलवे नागपुर मंडल को 3 हजार करोड़ रुपए की राशि मिली है। इसमें वर्धा-सेवाग्राम थर्ड लाइन को 150 करोड़, वर्धा-बल्लारशाह को 300 करोड़, इटारसी-नागपुर को 310 करोड़, वर्धा-नागपुर फोर्थ लाइन को 150 करोड़ व वर्धा-नांदेड़ लाइन के लिए 850 करोड़ मिलेंगे। नागपुर और अजनी रेलवे स्टेशन के री-डेवलपमेंट के लिए 1 हजार करोड़ की राशि पहले ही मंजूर हो चुकी है। पूरे राज्य में यात्री सुविधाओं पर 734 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसमें एक तिहाई हिस्सा नागपुर मंडल को मिलने वाला है। रोड सेफ्टी के लिए 160 करोड़ व ट्रैक मरम्मत के लिए 350 करोड़ मिले हैं। अजनी उपग्रह टर्मिनल स्टेशन को 750 करोड़ मिले हैं। 

दपूम रेलवे नागपुर को 791 करोड़ से ज्यादा
दपूम रेलवे नागपुर मंडल के डीआरएम मनिंदर उप्पल ने शुक्रवार को बताया कि उनके विभाग की ओर से 791 करोड़ बजट में मांगे गए थे, लेकिन इससे भी ज्यादा मिले हैं। इसमें नागपुर-इतवारी पिट लाइन, कलमना में मालगाड़ियों का एक्जामिन डिपो, गोंदिया में डेमू शेड, आरयूबी, आरओबी आदि काम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ब्रिज वर्क के लिए 537 करोड़, सिग्नलिंग के लिए 168 करोड़, वर्कशॉप के लिए 79 करोड़, स्टाफ के लिए 9.9 करोड़, पैसेंजर एमीनिटी के लिए 32 करोड़, इलेक्ट्रिफिकेशन के लिए 44 करोड़ व लेवल क्रासिंग के लिए 31 करोड़ मंजूर हुए हैं। नागपुर विभाग को 1 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि मिलने की उम्मीद है।
 

Created On :   4 Feb 2023 2:13 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story