विदर्भ के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात , गोंदिया में 150 लोगों का रेस्क्यू 

Flood-like situation in many districts of Vidarbha, 150 people in Gondia
विदर्भ के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात , गोंदिया में 150 लोगों का रेस्क्यू 
विदर्भ के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात , गोंदिया में 150 लोगों का रेस्क्यू 

डिजिटल डेस्क, अमरावती, गोंदिया, वर्धा, गड़चिरोली, चंद्रपुर। विगत दो दिनों से हुई बारिश के कारण विदर्भ के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। बांधों के लबालब हो जाने से इनसे छोड़े जा रहे पानी के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। अनेक पुलों के ऊपर से पानी गुजरने के कारण अनेक मार्ग बंद हो गए हैं। गोंदिया जिले के कुछ गांवों में बाढ़ का पानी भर जाने से करीब 150 लोगों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया गया है। 

अमरावती में 48 घंटों से जारी बारिश के कारण 84 में से 28 लघु प्रकल्प ओवरफ्लो हो चुके हैं। संभाग के सबसे बड़े प्रकल्प अपर वर्धा के 13 दरवाजे 2 मीटर तक खोले गए हैं। शाहपुर, चंद्रभागा तथा सपन प्रकल्प के दो-दो दरवाजे 20 सें.मी. से खोल दिए गए। 
मध्यप्रदेश के संजय सरोवर के दरवाजे खोल दिए जाने के कारण गोंदिया जिले से बहनेवाली वैनगंगा और बाघ नदी उफान पर है। नदी के किनारे बसे गोंदिया एवं तिरोड़ा तहसील के अनेक गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी राजन चौबे ने बताया कि गोंदिया तहसील के जीरूटोला से आठ, कासा ग्राम से 40 और तिरोड़ा तहसील के किंडगीपार के ढिवरटोला में कुल मिलाकर 96 लोगों का रेस्क्यु कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।इसके अलावा दोनों नदियों के किनारे की हजारों हेक्टेयर भूमि की फसलें बर्बाद होने की खबर है।  

भंडारा जिले के गोसीखुर्द बांध से पानी छोड़े जाने के कारण गड़चिरोली जिले की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। जिला प्रशासन ने नदी तट पर रहनेवाले लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।
इधर भंडारा जिले की मोहाड़ी तहसील में देव्हाडा खुर्द ग्राम में पोल्ट्री फार्म में पानी घुस जाने से 3500 मुर्गियां ूबकर मर गईं। कारधा का पुराना पुल पानी के नीचे चला गया।

अनेक मार्गों का संपर्क टूटा 
भंडारा जिले की बावनथड़ी मार्ग के पुल से चार फीट ऊपर पानी बह रहा है। इस कारण तुमसर तहसील का मध्यप्रदेश  और लाखनी तहसील का भंडारा जिले से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। 

गड़चिरोली की गाढ़वी और पाल नदी उफान पर होने से शनिवार शाम से गड़चिरोली-नागपुर मार्ग का यातायात ठप हो गया। गड़चिरोली-चामोर्शी मार्ग की खोब्रागड़ी नदी भी लबालब होने से यातायात अवरूध्द हुई है।  चामोर्शी-मार्कंड़ा समेत देसाईगंज-ब्रह्मपुरी मार्ग भी ठप पड़ा है। 

गुरुवार रात से जारी बारिश के कारण अमरावती जिले की कौंडिण्यपुर से बहनेवाली वर्धा नदी में बाढ़ आने से अमरावती और आर्वी मार्ग बंद हो गया। 
अपर वर्धा के साथ बगाजी सागर बांध के दरवाजे खोले जाने के कारण अमरावती की धामनगांव तहसील के आष्टा और सोनोरा काकड़े गांव का संपर्क टूट गया है। 

चंद्रपुर जिले की  पोंभुर्णा तहसील के जुनगांव-गंगापुर का भी संपर्क टूट गया है।  


 

Created On :   29 Aug 2020 2:37 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story