पूर्व मुख्यमंत्री ने अजयगढ़ की छोटी फील्ड में विशाल जनसभा को किया संबोधित

Former Chief Minister addressed a huge public meeting in the small field of Ajaygarh
पूर्व मुख्यमंत्री ने अजयगढ़ की छोटी फील्ड में विशाल जनसभा को किया संबोधित
पन्ना पूर्व मुख्यमंत्री ने अजयगढ़ की छोटी फील्ड में विशाल जनसभा को किया संबोधित

डिजिटल डेस्क पन्ना। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ आज पन्ना जिले के अजयगढ पहुंचे जहां पर आयोजित कांग्रेस पार्टी की जनसभा को संबोधित किया। दोपहर 12 बजे के लगभग कमलनाथ बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से आशीर्वाद प्राप्त कर हैलीकॉप्टर के द्वारा अजयगढ पहुंचे जहां पर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनकी गर्मजोशी के साथ अगवानी की। पूर्व मुख्यमंत्री के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा भी पहुंचे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि पन्ना जिला अवैध रेत उत्खनन की राजधानी बन गई है यह आप सभी जानते हैं कि यह कौन करवा रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिरों का शहर है मैं हनुमान जी का भक्त हूं और आपके पास बागेश्वर धाम जी का आशीर्वाद लेकर सीधे पहुंचा हंू। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जितना बड़ा मंदिर हनुमान जी का मैंने छिंदवाड़ा में बनाया है आपको कहीं नहीं मिलेगा। कमलनाथ ने कहा कि कोई ऐसा देश विश्व के अंदर नहीं है जहां इतने धर्म, जातियां और भाषाएं हो इतने देवी-देवता नहीं मिलेंगे। भारत की एकता-अनेकता अपने देश में एक झंडे के नीचे हमारी संस्कृति जोडऩे की रही है और यही कांग्रेस की संस्कृति है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा यह आध्यात्मिक शक्ति विश्व के अंदर आपको कहीं नहीं मिलेगी जो अपने देश में है। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी ने ऐसा प्रदेश सौंपा था जहां बेरोजगारी, आत्महत्या व भ्रष्टाचार में नंबर वन प्रदेश था। उन्होंने कहा पीएम कृषि क्षेत्र में नई क्रांति लाएंगे हमने अपने वचन अनुसार पहली किश्त में 50000 किसानों के कर्ज माफ किए थे। हमने 100 रूपए में 100 यूनिट बिजली देने का काम किया। हजारों गौशाला बनाई आखिर ऐसा कौन सा हमने पाप कर दिया जो भारतीय जनता पार्टी को रास नहीं आया।

कमलनाथ ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में शिवराज सिंह की सरकार विकास यात्रा शासकीय संसाधनों के माध्यम से निकाल रही है मैं कहता हूं यह इनकी विकास यात्रा नहीं बल्कि इनकी निकास यात्रा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कहते हैं कि हमने प्रदेश में बहुत विकास कराया लेकिन मैं बतलाता हूं कि उन्होंने विकास नहीं बल्कि महंगाई दी, बेरोजगारी दी, घर-घर में दारु दी। श्री नाथ ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम  पर है नौजवानों के लिए रोजगार के लिए इस सरकार के द्वारा कोई काम नहीं किए गए। मंदिर व मस्जिद में जाने से निवेश आने वाला नहीं है मध्यप्रदेश की पहचान विश्वास की पहचान हो जिससे यहां पर उद्योगपति आकर उद्योग लगाएं। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के ऊपर झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा कि वह लगातार प्रदेश की जनता से झूठ बोल रहे हैं झूठी घोषणाएं कर रहे हैं। हमने क्या किया हमसे जब आप मांग रहे हैं मैं कहना चाहता हूं कि शिवराज सिंह सामने आ जाएं और वह अपने शासनकाल के काम जनता को बताएं और हम अपनी 15 महीने की सरकार के समय किए गए कार्यों को जनता को बताने के लिए तैयार हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि भाजपा के पास पुलिस-प्रशासन और पैसा है बाकी उनके पास कुछ नहीं बचा। श्री नाथ ने कहा कि शिवराज सिंह हर साल एक लाख युवाओं को रोजगार देने की बात करते हैं रोजगार देना तो दूर कम से कम जो रिक्त पद पड़े हैं यदि उसी को भर दें तो बहुत रोजगार मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा हमें राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाती है इनके पास तो एक भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नहीं है। यह केवल चुनाव के समय पाकिस्तान व सर्जिकल स्ट्राइक का नारा देकर लोगों को बरगलाने का काम करते हैं। जनसभा को कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती शारदा पाठक, विधायक शिवदयाल बागरी व जनपद पंचायत के पूर्व अध्यक्ष भरत मिलन पाण्डेय ने भी संबोधित करते हुए जन समस्याओं को उजागर किया और आने वाले समय में पन्ना जिले की तीनों सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशियों के जीतने का भरोसा दिलाया।

कमलनाथ की चक्की धीमी चलती है लेकिन बारीक पीसती है अभी हाल ही में विकास यात्रा के कार्यक्रम के दौरान पन्ना कलेक्टर संजय मिश्रा द्वारा अमानगंज में यह कहा गया था वर्तमान सरकार है उसे 25 साल और रहना चाहिए यह मामला प्रदेश स्तर पर काफी उठाया गया। वहीं कांग्रेस पार्टी ने पूरे पन्ना जिले में प्रदर्शन कर पुतले भी फूंके थे। इस बात पर कमलनाथ ने कलेक्टर के लिए कहा कि जो वह घोषणा भाजपा के लिए कर रहे हैं उसकी बजाए वह अब अपने दिन गिने कि वह यहां कितने दिन हैं तो बेहतर होगा। मुझे मालूम है कि नगरीय चुनाव व पंचायत चुनाव में कलेक्टर के द्वारा किस प्रकार यहां पर नियम विरुद्ध कार्य किया गया है उन्होंने मंच से चेतावनी देते हुए कहा कि कमलनाथ की चक्की धीमी चलती है लेकिन बारीक पीसती है। 

विकास किया होता तो माला पहनाते लोग भगाते नहीं. अरुण यादव पूर्व केंद्रीय मंत्री व पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने अपने संबोधन में कहा कि इस समय पूरे प्रदेश में भाजपा की सरकार विकास यात्रा निकाल रही है और यही कारण है कि लोग इनकी विकास यात्रा को गांव में घुसने नहीं दे रहे हैं यदि इनके द्वारा विकास कराया गया होता तो लोग इन्हें माला पहनाते भगाते नहीं। श्री यादव ने कहा कि अतिथि शिक्षक यहां पर काफी संख्या में पहुंचे हैं  उनकी समस्या काफी लंबे समय से हैं। कर्मचारियों का कोई ऐसा वर्ग नहीं है जो इस सरकार से परेशान ना हो लेकिन हम इतना कहना चाहते हैं कि हमारी 2023 में सरकार बनने के बाद सबसे पहले आप लोगों की समस्याओं का निदान होगा।पन्ना को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया: सज्जन सिंह वर्मा

प्रदेश के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि पन्ना जिला पूरे विश्व में हीरों के लिए जाना जाता है लेकिन एक नेता ने माथे में कलंक लगा दिया है पन्ना को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है। पन्ना जिले की जनता समय के इंतजार में है और वह होने वाले चुनाव में निश्चित तौर पर ऐसे नेताओं को सबक सिखाएगी। श्री वर्मा ने विधानसभा चुनाव में कहा कि कांग्रेस 170 सीटों से ज्यादा जीतकर कमलनाथ के नेतृत्व में सरकार बनाएगी। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला प्रभारी सम्मती सैनी व आभार प्रदर्शन पन्ना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी शिवजीत सिंह भैया राजा ने किया। जनसभा के दौरान प्रदेश के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री पंडित मुकेश नायक, विधायकगण शिवदयाल बागरी, नीलांशु चतुर्वेदी, श्रीमती कल्पना वर्मा, पीसीसी मेंबर श्रीकांत पप्पू दीक्षित, श्रीकांत दुबे, दिव्यारानी सिंह, भास्कर देव बुंदेला, जिला उपाध्यक्ष मनीष मिश्रा, जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र प्रभाकर अवस्थी, पूर्व नगर परिषद अमानगंज अध्यक्ष हक्कुन दहायत, बेली हिनौती सरपंच फोईलाल चौधरी, धूराम चौधरी, पार्षद श्रीमती राधाबाई चौधरी, महिला उत्पीडऩ निवारण प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष सुप्रिया बुंदेला, पार्षद रेहान मोहम्मद, दीपक तिवारी, वैभव थापक, सौरभ पटेरिया, नगर परिषद अमानगंज उपाध्यक्ष सौरभ दुबे, सुनील अवस्थी, मार्तंड देव बुंदेला, शिवप्रकाश दीक्षित, जीतेन्द्र सिंह जाटव, आशीष बागरी, वेद प्रकाश रैकवार, सारांश पाण्डेय, दीपू दीक्षित, सौरभ गौतम सहित जिले भर के पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। पीसीसी चीफ ने मण्डल, सेक्टर अध्यक्षों की ली बैठक

जनसभा के पूर्व पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कांग्रेस के सभी मण्डलम व सेक्टर अध्यक्षों की बैठक ली साथ ही उनके द्वारा पार्र्टी के विभिन्न पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते हुए उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव व संगठन की मजबूती के लिए निर्देश दिए। इस दौरान मंडलम व सेक्टर के अध्यक्षों ने भी अपने-अपने विचार रखे।

Created On :   14 Feb 2023 1:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story