पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव राजा पटेरिया से मिलने जेल पहुंचे

डिजिटल डेस्क, पवई नि.प्र.। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव आज राजा पटेरिया से मिलने पवई जेल पहुंचे। बाहर आने के बाद अरुण यादव ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि राजा पटेरिया बुंदेलखंड और पार्टी के वरिष्ठ नेता है। उन्हें गलत तरीके से जेल भेजा गया है। इसके लिए हम जनता के बीच जायेंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह से राज्य और केंद्र की सरकारें आज लोगों को प्रताडित कर रही है वह गलत है झूठा प्रकरण राजा पटेरिया पर लगा दिया गया है। वह पिछले दो माह से जेल में बंद है मैं आपके माध्यम से कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का आव्हान करना चाहता हूं की यह एक बड़ा संघर्ष है। हम अंतिम छोर तक इस संघर्ष से लड़ेंगे हम ने वरिष्ठ वकील किए हैं उनसे चर्चा की है हम चाहते हैं कि राजा पटेरिया को जल्द से जल्द जमानत मिल सके।
उन्होंने कहा कि इस तरह के दबाव की राजनीति पूरे प्रदेश में चल रही है और राजा पटेरिया अकेले नहीं है ऐसे कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता है जिनको प्रताडित किया जा रहा है लेकिन हम भयभीत होने वाले नहीं है। हमने संकल्प लिया है कि भ्रष्ट ओर फसिस्टवादी सरकार को 2023 में उखाडऩे के लिए हम सबको कमर कसने और एक जुट रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के एक वरिष्ठ नेता राजा पटेरिया को जबरदस्ती ओर वेवजह परेशान किया जा रहा है। उन्हें दो माह से अधिक समय हो गया है वह पवई उप जेल में बंद है। हम इस बात को लेकर जनता के बीच अवश्य जाएंगे। इसके पश्चात पूर्व केंद्रीय मंत्री व पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का कांग्रेसी नेता अजय श्रीवास्तव के निवास पर स्वागत हुआ साथ ही ग्राम मोहडिया निवासी पूर्व सरपंच पंचम सिंह यादव के निवास पर भी भव्य स्वागत किया गया व यादव समाज की बैठक संपन्न हुई। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में यादव बंधु एवं कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Created On :   14 Feb 2023 7:52 PM IST