कचारगढ़ यात्रा के चार दिन बाद भी नहीं उतरे "नेताजी' के होर्डिंग्स

डिजिटल डेस्क, देवरी (गोंदिया)। सालेकसा तहसील के ग्राम दरेकसा के पास धनेगांव में कचारगढ़ गुफा में आदिवासी समुदाय की ओर से 3 से 7 फरवरी तक कचारगढ़ यात्रा महोत्सव अर्थात कोयापूनेम महोत्सव ध्ूमधाम से मनाया गया। इस धार्मिक महोत्सव के दौरान अनेक राजनीतिक नेताओं तथा पार्टियों की ओर से अपना दमखम दिखाते हुए कचारगढ़ मेले में आनेवाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मार्गों पर जगह-जगह पोस्टर, बैनर, होर्डिंग्स लगाए गए थे। यहीं नहीं होर्डिंग्स लगाने के लिए दिशा-दर्शक फलकों का इस्तेमाल धड़ल्ले से किया गया। लेकिन अब कचारगढ़ महोत्सव समाप्त हुए चार दिन का अवधि बीत गया हैं, लेकिन यहां मार्गों पर लगाए गए राजनीतिक नेताओं तथा पार्टियों के बैनर, होर्डिंग्स अभी भी टंगे नज़र आ रहे हंै। इसी तरह जगह-जगह लगे सांसद अशोक नेते के होर्डिग्स अब तक नहीं उतरे है, मात्र प्रशासन की नजर में अब तक यह बात नहीं आई हैं या फिर राजनीतिक दबाव के चलते किसी प्रकार कार्रवाई नहीं की गई? ऐसा सवाल नागरिकों द्वारा किया जा रहा है।
देवरी-आमगांव मार्ग पर अनेक स्थानों पर अभी भी होर्डिग्स लगे हैं, यही नहीं दिशा सूचक फलकों का इस्तेमाल भी धड़ल्ले से हुआ है। हालांकि, यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पोस्टर, बैनर, होर्डिंग्स आदि लगाना कोई गलत बात नहीं हैं। लेकिन यह करते समय शासन के नियमों को भी ध्यान में रखा जाना आवश्यक है। विशेष रूप से जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों से यह अपेक्षा तो की ही जाती है। लेकिन खुद को प्रतिद्वंद्वी से ज्यादा मजबूत और ज्यादा जनसमर्थन दिखाने के मोह में होर्डिंग्स लगाने के लिए दिशा सूचक फलकों का इस्तेमाल धड़ल्ले से हुआ। जिसकी वजह से कचारगढ़ तक पहुंचने में यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विशेष रूप से पड़ोसी राज्यों से पहली बार कचारगढ़ यात्रा में शामिल होने आए श्रद्धालु कचारगढ़ तक पहुंचने में परेशान होते नजर आए। प्रशासन की ओर से इन अवैध होर्डिंग्स, बैनर लगानेवालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने पर आश्चर्य व्यक्त किया जा रहा है।
होर्डिंग्स तत्काल हटाए जाएंगे
नियमानुसार दिशा-दर्शक फलकों पर कोई भी होर्डिंग्स नहीं लगाए जा सकते। इसी तरह नगर पंचायत से किसी प्रकार अनुमति नहीं ली गई और होर्डिंग्स लगाए गए। यदि किसी ने ऐसा किया है, तो वह नियमबाह्य है। ऐसे होर्डिंग्स तत्काल हटाए जाएंगे।
अनिल पवार, प्रभारी मुख्याधिकारी, नगर पंचायत
Created On :   11 Feb 2023 5:14 PM IST