- Home
- /
- रविवार को कई स्थानों पर हुई बारिश,...
रविवार को कई स्थानों पर हुई बारिश, बढ़ेगी ठंड, गिरने लगा पारा

डिजिटल डेस्क सिवनी। शनिवार को मानसून की वापसी की घोषणा मौसम विभाग ने कर दी लेकिन राजस्थान में बने प्रतिचक्रवात के असर से रविवार को जिला मुख्यालय सहित अनेक स्थानों पर अच्छी खासी बारिश हुई। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ छींटे पड़े। ठंड का असर अब महसूस होने लगा है और पारे में गिरावट देखी जा रही है। हालांकि अभी भी धूप में कुछ उमस महसूस हो रही है लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में लगातार पारा गिरता जाएगा।
बारिश के असर से बढ़ेगी ठंड
रविवार को जिले के कई स्थानों में अच्छी बारिश रिकार्ड हुई वहीं जिला मुख्यालय सहित अन्य स्थानों में हल्के छींटे पड़े। जिले के बरघाट, केवलारी, छपारा, कुरई आदि स्थानों में झमाझम बारिश हुई। गरज चमक के साथ बारिश हुई। रविवार को अधिकतम पारा २८.४ और न्यूनतम पारा २१.४ डिग्री सैल्सियस रिकार्ड हुआ। अभी दो दिन पहले तक अधिकतम पारा ३० डिग्री सैल्सियस से अधिक चल रहा था। वहीं न्यूनतम पारा पिछले कई दिनों से २२-२३ डिग्री सैल्सियस चल रहा था। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे मध्य प्रदेश से जा चुका है।
Created On :   17 Oct 2022 4:55 PM IST