अजयगढ के गौरव दिवस एवं मकर संक्राति मेला में शामिल हुए खनिज साधन मंत्री

डिजिटल डेस्क पन्ना। खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा है कि नागरिकों में अपने नगर के प्रति लगाव व आत्म गौरव का भाव होना चाहिए। नई पीढी को भी सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता है। मकर संक्रांति पर्व के शुभ अवसर पर आनंद व उल्लास के साथ अजयगढ नगर के गरिमामय गौरव दिवस के आयोजन पर गर्व है। नगर के विकास में सभी नागरिकों को सहभागी बनना चाहिए। मंत्री श्री सिंह ने नगर परिषद अजयगढ द्वारा शनिवार को बस स्टैण्ड परिसर में आयोजित नगर के गौरव दिवस के मौके पर यह बात कही। इस दौरान 2 करोड 15 लाख रूपए लागत राशि के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इसमें 15 लाख रूपए लागत से रैन बसेरा का निर्माण भी शामिल है। मंत्री ने अजयपाल महाराज के दर्शन कर आर्शीवाद प्राप्त किया और क्षेत्रवासियों के सुख की कामना की। यहां आयोजित मकर संक्रांति मेला में भी शामिल हुए तथा नगर के सरस्वती मंदिर में आमजनों को खिचडी का वितरण भी किया गया।
मंत्री श्री सिंह ने नगरवासियों को मकर संक्राति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों की अजयपाल महाराज के प्रति अटूट आस्था है। यह क्षेत्र आकर्षण और श्रद्धा का केन्द्र भी है। उन्होंने कहा कि पुरातत्व विभाग के अधीन होने के कारण भगवान अजयपाल के दर्शन का सौभाग्य विशेष मौकों पर ही मिल पाता है। वर्ष भर निरंतर दर्शन के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। साथ ही विकास के उद्देश्य से इस स्थल को पन्ना टाइगर रिजर्व के बफरजोन से बाहर निकालने का भी प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सर्वांगीण विकास के लिए सभी कार्य होंगे। अच्छी सडकों के बगैर विकास कार्य में अवरोध उत्पन्न होता है इसलिए सभी गांव में पक्की सडक का निर्माण होगा और कोई गांव सडक विहीन नहीं रहेगा। प्रत्येक घर में नल से शुद्ध जल की आपूर्ति होगी। सिंचाई के लिए भी किसानों को पानी मिलेगा। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के गरीब व्यक्तियों को प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभांवित किया जाएगा। आगामी दिनों में मुख्यमंत्री भू अधिकार योजना में पट्टों का वितरण भी किया जाएगा। जरूरतमंद बीमार व्यक्तियों के नि:शुल्क उपचार और आर्थिक सहायता प्रदान करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि मझगांय व रूंझ परियोजना के पूर्ण होने के उपरांत पानी की समस्या से पूर्णत: छुटकारा मिलेगा।
मंत्री श्री सिंह ने अवगत कराया कि अजयगढ में 220 केव्ही के पॉवर सब स्टेशन के निर्माण के लिए पूर्व में जमीन का चिन्हांकन कर लिया गया था किन्तु वन विभाग से संबंधित कुछ आपत्तियों के कारण अब दोबारा जमीन चिन्हित की गई है। इस सब स्टेशन के निर्माण से नागरिकों को बिजली की लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी। यह जिले का सबसे बडा पॉवर स्टेशन भी होगा। उन्होंने कहा कि नहर पट्टी सडक का निर्माण कार्य तीव्र गति से चल रहा है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि शीघ्र ही मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्रों का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अजयगढ में मां सरस्वती का दुर्लभ मंदिर है। आस्था के केन्द्र सभी मंदिरों को विकसित किया जाएगा।
नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सीता गुप्ता ने कहा कि अजयपाल महाराज के दर्शन और नगर के गौरव दिवस के कारण आज का दिन विशेष है। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने कहा कि मकर संक्राति त्यौहार के मौके पर नगर के गौरव दिवस का आयोजन नगरवासियों का सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि गौरव दिवस पर नगरवासी अपने नगर के गौरवशाली इतिहास का स्मरण करें। इस आयोजन में नागरिकों का भी अमूल्य योगदान है। उन्होंने महिलाओं और बुजुर्ग व्यक्तियों के प्रति सम्मान का भाव रखने और नशे का त्याग करने तथा अपराधविहीन नगर बनाने का आव्हान किया साथ ही आमजनों से बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ खेलकूद में भी आगे बढाने की बात कही। कार्यक्रम में सीएमओ राजेन्द्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बडी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।
Created On :   15 Jan 2023 4:08 PM IST