सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास ही विकास यात्रा का मूल भाव है: मंत्री श्री सिंह

Sabka Saath, Sabka Vikas and Sabka Vishwas is the basic idea of the development journey
सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास ही विकास यात्रा का मूल भाव है: मंत्री श्री सिंह
पन्ना सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास ही विकास यात्रा का मूल भाव है: मंत्री श्री सिंह

डिजिटल डेस्क पन्ना। खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के साथ निकाली जा रही विकास यात्रा में आमजन भी सहभागी बनें। सर्वसमाज के सहयोग से निश्चित ही तीव्र विकास को गति मिल सकेगी। जनप्रतिनिधि भी घर-घर संपर्क कर पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पहल करें। पात्रता की श्रेणी वाले प्रत्येक गरीब व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करना ही अंत्योदय की मूल मंशा भी है। मंत्री श्री सिंह बुधवार को पन्ना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिका परिषद पन्ना के वार्ड क्रमांक 02, 04, 27 एवं 28 में निकाली गई विकास यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने शहर के कृषि उपज मण्डी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में वार्डवासियों को संबोधित किया और पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया। नगर पालिका की टीम द्वारा वार्ड भ्रमण के कार्य की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि शहर की पेयजल व्यवस्था दुरूस्त करने के लिए किलकिला फीडर के जीर्णोद्धार का कार्य जारी है। यहां के विस्थापित परिवारों को प्लाट के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान की सौगात भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि पन्ना नगर में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। निरपत सागर तालाब, कटरा और खोरा डैम के माध्यम से भी शहर की पेयजल समस्या के निराकरण का प्रयास है। अमृत 2.0 योजना में रूंझ बांध से पन्ना नगर तक पानी लाने की योजना को मूर्तरूप दिया जा रहा है। नपाध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय ने कहा कि यात्रा के माध्यम से विकास के नये आयाम स्थापित होंगे। पन्ना निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। यह यात्रा आमजनों तक शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए बेहतर माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड के नागरिकोंं की समस्याओं का त्वरित निराकरण का प्रयास सुनिश्चित किया गया है। सभी वार्डों में क्रियान्वित विकास कार्यों की जानकारी से भी अवगत कराया। विकास यात्रा को कलेक्टर पन्ना संजय कुमार मिश्र द्वारा भी संबोधित किया गया। 

यात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत, सफाईकर्मियों का किया गया सम्मान

विकास यात्रा के दौरान खनिज मंत्री अजयगढ चौराहा से जनकपुर तक पैदल भ्रमण कर वार्डों में पहुंचे। इस दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत अभिनंदन किया गया। मंत्री ने सफाईकर्मियों के माला पहना कर आत्मीय स्वागत किया। स्थानीय नागरिकों ने भी बडी संख्या में यात्रा में सहभागिता की। नपाध्यक्ष सहित सभी पार्षदगण और जिला कलेक्टर द्वारा भी वार्डों में पैदल भ्रमण किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया गया। इस मौके पर हितग्राहियों द्वारा योजनाओं का लाभ मिलने पर जीवन में आए बदलावों के बारे में अवगत कराया गया। कन्या पूजन कर कार्यक्रम की शुरूआत की गई। मलखम्भ प्रतियोगिता में जिले का नाम रोशन करने वाली बेटी प्राची रैकवार का सम्मान भी किया गया। खनिज मंत्री श्री सिंह विकास यात्रा के दौरान जनकपुर पहुंचे। यहां आयोजित सभा के दौरान कहा कि जनकपुर नगरीय क्षेत्र में शामिल होने के कारण अब यहां के सभी नागरिकों को शहरी विकास योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। मंत्री ने लक्ष्मीपुर के निकट बडखेरा को राजस्व ग्राम बनाने की घोषणा की। 

Created On :   16 Feb 2023 3:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story