अग्निवीर योजना के कारण देश की सुरक्षा खतरे में

डिजिटल डेस्क, वर्धा। केंद्र सरकार की ओर से आरंभ की गई अग्निवीर सैनिक भर्ती योजना से देश की सुरक्षा को खतरा निर्माण होने की पूरी संभावना है। यह आरोप राकांपा सैनिक सेल के दीपक शिर्के ने लगाया। राजश्री छत्रपति शाहू महाराज स्मृति शताब्दी व आजादी का अमृत महोत्सव पर राकांपा सैनिक सेल की ओर से निकाली गई राज्यव्यापी प्रबोधनयात्रा के सुबह के समय शहर में पहुंचने पर विश्रामगृह में आयोजित पत्र-परिषद में वह बोल रहे थे। शिर्के ने कहा कि, 16 से 20 वर्ष की आयु में अग्निवीर योजना के माध्यम से देश के युवा सेना में भर्ती होंगे। चार वर्ष के बाद सेवानिवृत्त होकर वापस आने के बाद उनके सामने बेरोजगारी की समस्या निर्माण होगी। राज्य के साढ़े 9 लाख सैनिकों की समस्या सरकार हल नहीं कर पाई हैं।
आगामी समय में यह आंकड़ा 50 लाख पर जाएगा। युवक बड़े पैमाने पर बेरोजगार होकर आर्थिक तंगी का सामना करेंगे। इस कारण वे देश की गोपनीय जानकारी देशविघातक कृत्य करनेवालों को बेच सकते हैं। इससे देश की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। हम इस योजना को बंद करने की मांग करते हैं। उन्होंने कहा कि, 10 फरवरी को अजित पवार ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा की शुरुआत की है। यात्रा का यह 11 वां जिला है। यह यात्रा राज्य के 36 जिले में से गुजरेगी। उसके बाद पुणे में 9 अप्रैल को सांसद शरद पवार की उपस्थिति में समापन किया जाएगा। प्रस्तावना प्रवीण पेठे ने रखी। आभार नितिन देशमुख ने माना। पत्र-परिषद में राकांपा के प्रदेश सचिव बाबा जाधव, जिलाध्यक्ष सुनील राऊत, पुंडलिक बकाणे, मिलिंद हिवलेकर, पूर्व पंचायत समिति उपसभापति संदीप किटे, वासुदेव कोकाटे, छत्रपति शाहू महाराज के विचारक संभाजी मोहित आदि उपस्थित थे।
Created On :   25 Feb 2023 6:01 PM IST