अंबानी, अमिताभ, धर्मेंद्र के बंगलों को उड़ाने की धमकी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर के लकड़गंज थाने की इमारत में पुलिस के डायल 112 नंबर के लिए बने कंट्रोल रूम में मंगलवार को दोपहर करीब 1.30 बजे के दरमियान देश की बड़ी हस्तियों के बंगलों को उड़ाने की धमकी भरा फोन आने की सनसनीखेज जानकारी सामने आई है। इसमें उद्योगपति मुकेश अंबानी, फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र के नाम शामिल हैं। यह फोन शिवाजीनगर, पालघर इलाके से किया गया था। तीन दिन पहले भी ऐसे ही कॉल किए जाने के एक मामले में मुंबई पुलिस ने अश्विन नामक एक युवक को हिरासत में लिया है। यह युवक नागपुर के डिगडोह एमआईडीसी इलाके का मूल निवासी था, लेकिन कुछ सालों से अपने परिवार के साथ डहाणू में रहता है, जो मुंबई से कुछ दूरी पर है।
नवी मुंबई और नागपुर के लकड़गंज में है डायल 112 का कंट्रोल रूम
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नवी मुंबई और नागपुर के लकड़गंज में डायल 112 का कंट्रोल रूम है, जो एक दूसरे से कनेक्ट है। एक शख्स ने मंगलवार को दोपहर में मुंबई के पालघर इलाके में दो लड़कों को सड़क पर विवाद करते देखा। उनमें से एक विवाद के ही बीच उपरोक्त हस्तियों के बंगलों को बम से उड़ाने की बात कह रहा था। वह कुछ लोगों के मुंबई में आने की बात भी कह रहा था। इसके बाद उस शख्स ने नवी मुंबई के डायल 112 में फोन लगाया, लेकिन वहां का नंबर व्यस्त होने के कारण कॉल डायवर्ट होकर नागपुर के लकड़गंज में डायल 112 के कंट्रोल रूम में आ गया। उस शख्स की बातें सुनने के बाद लकड़गंज के डायल 112 के कर्मियाें ने नवी मुंबई के डायल 112 को अलर्ट कर जानकारी दी। उसके बाद शिवाजी, पालघर में इसके बारे में शिकायत पहुंच गई। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। उधर, नामचीन हस्तियों की सुरक्षा व्यवस्था और तगड़ी कर दी गई है।
पहले भी धमकी
गौरतलब है कि इससे पहले मुकेश अंबानी के घर को बम से उड़ाने की धमकी 25 फरवरी 2021 के दिन मिली थी, तब अंबानी के आवास एंटीलिया की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। एंटीलिया में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने एक संदिग्ध स्कॉर्पियो खड़ी देखा तो मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी। उस समय एटीएस की टीम भी मौके पर पहुंची थी। उस दौरान कार में से जिलेटिन की कई छड़ें बरामद की गई थी, वह छड़ें नागपुर - अमरावती रोड पर एक एक्प्लोसिव कंपनी में बनी थी। वहां कार के अंदर के कई नंबर प्लेट्स भी थे। इसकी गहन छानबीन हुई थी। बता दें कि हाल ही में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के घर के बाहर बम होने की सूचना मिली थी। जांच के बाद पुलिस द्वारा इस सूचना को फर्जी बताया गया था।
Created On :   1 March 2023 12:20 PM IST