मधुमक्खियों के हमले में घायल महिला की मृत्यु

डिजिटल डेस्क, लाखनी (भंडारा) । मधुमक्खियों के हमले में घायल महिला की इलाज के दौरान एक सप्ताह के बाद अस्पताल में मृत्यु हो गई। घटना लाखनी तहसील के आदर्श नगर के खेत परिसर में 4 फरवरी को घटित हुई थी। महिला पर भंडारा के शासकीय अस्पताल में इलाज चल रहा था। मृतक महिला का नाम वंदना निर्वाण (48) बताया जा रहा है। वंदना मवेशी चराने के लिए शनिवार 4 फरवरी को आदर्श नगर के खेत परिसर में गई थी। इस दौरान उसपर खेत में मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। वह मौके पर ही एक घंटे तक तड़पती रही। इलाज में देरी होने से वंदना की हालत बिगड़ने लगी थी। उसे अस्पताल में दाखिल किया गया था। उसकी 13 फरवरी की शाम को इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। मधुमक्खियों का हमला भी जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसे में महिला की मृत्यु पर परिवार में शोक व्यक्त किया जा रहा है।
Created On :   16 Feb 2023 6:39 PM IST