Microsoft Outage: दुनियाभर में Microsoft की सर्विस 14 घंटे बाद भी ठप, Air India, IndiGo और Akasa की ईमेल सेवाएं हुईं प्रभावित

दुनियाभर में Microsoft की सर्विस 14 घंटे बाद भी ठप, Air India, IndiGo और Akasa की ईमेल सेवाएं हुईं प्रभावित
Microsoft की इस तकनीकी खराबी का असर भारत के विमानन क्षेत्र तक पहुंच गया। Air India, IndiGo और Akasa Air ने यात्रियों को अलग-अलग एडवाइजरी जारी की।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया की बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों में शामिल Microsoft की ग्लोबल सर्विस 14 घंटे बाद भी ठप पड़ी हुई है। Microsoft Outlook, Teams और Copilot जैसी सेवाओं में परेशानी के कारण लोगों और कंपनियों का काम प्रभावित हुआ है। भारत में IndiGo और Akasa Air की कस्टमर सपोर्ट ईमेल सेवाएं प्रभावित हुईं, जबकि Air India ने साफ किया कि उसकी उड़ानें और ग्राहक सेवा सामान्य रूप से चल रही हैं। इस घटना के बाद एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए जरूरी एडवाइजरी भी जारी की है।

बता दें कि, इस आउटेज की शुरुआत अमेरिका में रात से (भारतीय समयनुसार रात 12:38) शुरू हुई थी। वहीं अब तक माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस दोबारा पटरी पर लौट नहीं पाई हैं। इस आउटेज का असर भारत समेत 74 देशों में देखने को मिला है।

क्या है पूरा मामला?

शुक्रवार को Microsoft की क्लाउड आधारित सेवाओं में अचानक तकनीकी समस्या आने लगी। इसका असर दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में देखने को मिला। बड़ी संख्या में यूजर्स को Microsoft की सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी हुई। सबसे ज्यादा शिकायतें Outlook को लेकर सामने आईं। Outlook का इस्तेमाल दुनियाभर में ईमेल भेजने और प्राप्त करने के लिए किया जाता है। इसके अलावा Microsoft Teams और Copilot जैसी सेवाओं पर भी असर पड़ा। इस तकनीकी खराबी के कारण कई कंपनियों के कर्मचारियों को ईमेल भेजने, जरूरी मैसेज रिसीव करने और ऑनलाइन कामकाज करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में Outlook की समस्या को लेकर Downdetector पर शिकायतें एक समय 1.30 लाख से ज्यादा पहुंच गई थीं। बाद में शिकायतों की संख्या में कमी आई, लेकिन समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई थी।

भारत की तीन बड़ी एयरलाइंस पर क्या पड़ा असर?

Microsoft की इस तकनीकी खराबी का असर भारत के विमानन क्षेत्र तक पहुंच गया। Air India, IndiGo और Akasa Air ने यात्रियों को अलग-अलग एडवाइजरी जारी की।

1. IndiGo की ईमेल सेवा प्रभावित

देश की प्रमुख एयरलाइन IndiGo ने बताया कि Microsoft की ग्लोबल टेक्निकल इश्यू के कारण उसकी ईमेल सपोर्ट सर्विस प्रभावित हुई है। एयरलाइन के मुताबिक, इस दौरान यात्रियों की ओर से भेजे गए ईमेल प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है। हालांकि, कंपनी ने साफ किया कि उसके दूसरे कस्टमर सपोर्ट चैनल काम कर रहे हैं। IndiGo ने यात्रियों को सलाह दी कि अगर उन्हें किसी जरूरी जानकारी या सहायता की आवश्यकता है, तो वे एयरलाइन की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर उपलब्ध AI आधारित असिस्टेंट '6E Skai' की मदद लें।

2. Akasa Air की ईमेल सपोर्ट सर्विस में देरी

Akasa Air ने भी Microsoft आउटेज के कारण अपनी ईमेल सपोर्ट सेवा में देरी की जानकारी दी। एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों के ईमेल मिलने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में जरूरी सहायता के लिए यात्रियों को दूसरे माध्यमों का इस्तेमाल करना चाहिए। Akasa Air ने यात्रियों को अपना 24 घंटे चलने वाला कस्टमर केयर नंबर 9606 112131 भी जारी किया है।

3. Air India ने कहा- यात्रियों को घबराने की जरूरत नहीं

Air India ने इस मामले में यात्रियों को राहत देते हुए कहा कि Microsoft की तकनीकी खराबी के बावजूद उसकी फ्लाइट सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि उसकी उड़ानों और ग्राहक सहायता सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है। यात्रियों के ईमेल सही तरीके से मिलते रहें, इसके लिए कंपनी ने अस्थायी रूप से अपने ईमेल का रास्ता बदल दिया है। Air India के मुताबिक, उसकी वॉयस सपोर्ट, AI.g, सोशल मीडिया और यात्रियों को भेजे जाने वाले नोटिफिकेशन जैसी सेवाएं भी सामान्य रूप से काम कर रही हैं। कंपनी ने यह भी भरोसा दिया कि यात्रियों के ईमेल का जवाब सामान्य रूप से 24 घंटे के भीतर दिया जा रहा है।

Microsoft ने सर्विस बहाल करने के लिए क्या कदम उठाए?

फिलहाल सामने आई जानकारी के मुताबिक, Microsoft की सर्विस में आई इस परेशानी की मुख्य वजह उसके सर्वर और ईमेल सिस्टम से जुड़ी तकनीकी खराबी है। Microsoft ने अपनी जांच में पाया कि प्रभावित सर्वरों पर चलने वाली एक मुख्य प्रक्रिया पर जरूरत से ज्यादा दबाव पड़ रहा था। इसके कारण सर्वर ठीक से जवाब नहीं दे पा रहे थे और उनकी क्षमता प्रभावित हो रही थी। कंपनी के इंजीनियरों ने सर्वर में बदलाव करके और ट्रैफिक को दूसरी जगह भेजकर सेवाएं बहाल करने की कोशिश की। हालांकि, शुरुआती प्रयासों से कुछ जगहों पर सुधार तो हुआ, लेकिन वे उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर रहे हैं। फिलहाल, Microsoft की तकनीकी टीम लगातार समस्या को ठीक करने में जुटी हुई है।

Created On :  

Tags

Next Story