- Home
- /
- टेक्नोलॉजी
- /
- चैटिंग हो रही लेकिन फोटो-वीडियो...
WhatsApp Down: चैटिंग हो रही लेकिन फोटो-वीडियो भेजने में आई दिक्कत, भारत समेत कई देशों में व्हाट्सएप यूजर्स हुए परेशान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मेटा के स्वामित्व वाले पॉपुलर मैसेजिंग ऐप WhatsApp के यूजर्स को सोमवार को परेशानी का सामना करना पड़ा। भारत समेत कई अन्य देशों में यूजर्स फोटो, वीडियो, GIF और स्टिकर्स भेजने और रिसीव करने में दिक्कत की शिकायतें सामने आईं। कई यूजर्स के मुताबिक, टेक्स्ट मैसेज तो भेजे जा रहे हैं, लेकिन मीडिया फाइलें लंबे समय तक 'Sending' पर अटक रही हैं।
आउटेज को ट्रैक करने वाले प्लेटफॉर्म Downdetector के मुताबिक, सोमवार सुबह से WhatsApp को लेकर बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें करीब 41% शिकायतें मैसेजिंग, 40% ऐप के काम करने और 13% नोटिफिकेशन से जुड़ी थीं।
व्हाट्सएप डाउन की शिकायतें
यूजर्स ने बताया कि चैट में फोटो या वीडियो चुनने के बाद अपलोडिंग शुरू तो होती है, लेकिन फाइल भेजी नहीं जाती। कई मामलों में लगातार लोडिंग आइकन दिखाई देता रहा, जबकि कुछ यूजर्स को बार-बार Retry करने का मैसेज मिला। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बड़ी साइज की फोटो और वीडियो फाइलों पर समस्या ज्यादा दिखाई दी। कई यूजर्स की फाइलें काफी देर तक अपलोड होती रहीं, लेकिन आखिर में भेजी नहीं जा सकीं।
स्टिकर्स और GIF भेजने में भी परेशानी की शिकायतें सामने आईं। इससे संकेत मिलता है कि समस्या WhatsApp की मल्टीमीडिया सर्विस से जुड़ी हो सकती है। इस तरह की परेशानी का सामना ना सिर्फ भारतीय यूजर्स को करना पड़ा, बल्कि ब्रिटेन, फ्रांस, ब्राजील, कनाडा, मेक्सिको, स्पेन और कोलंबिया समेत कई देशों के यूजर्स ने भी WhatsApp में इसी तरह की दिक्कत की जानकारी दी।
यह भी पढ़े -अब सिर्फ रास्ता नहीं बताएगा गूगल मैप्स, स्मार्ट फीचर्स के साथ भारत में मिलेगी रियल-टाइम ट्रांजिट जानकारी
कई उपायों के बाद भी समस्या बनी रही
शिकायतों में कई यूजर्स ने बताया कि, दिक्कत आने के बाद कई तरह के उपाय आजमाए। किसी ने फोन रीस्टार्ट किया तो किसी ने Wi-Fi से मोबाइल डेटा पर स्विच किया। कुछ लोगों ने WhatsApp को दोबारा इंस्टॉल करने की कोशिश भी की। हालांकि, इन उपायों के बावजूद कई यूजर्स के लिए फोटो और वीडियो भेजने की समस्या बनी रही।
रविवार को भी आई थीं शिकायतें
Downdetector के मुताबिक, रविवार को भी WhatsApp की सेवाओं को लेकर कुछ शिकायतें दर्ज की गई थीं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक WhatsApp या उसकी पैरेंट कंपनी Meta की ओर से आउटेज को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। फिलहाल टेक्स्ट मैसेज कई यूजर्स के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन फोटो, वीडियो, GIF और स्टिकर्स भेजने में दिक्कत बनी हुई है।
Created On :   10 Aug 2026 1:55 PM IST









